
आगरा। यूपी निकाय चुनाव के बाद शहर की सरकार आज बन गई। आगरा कॉलेज मैदान पर भव्य शपथ ग्रहण समारोह में मेयर नवीन जैन सहित 100 पार्षदों ने शपथ ग्रहण की। इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे।
हुआ भव्य आयोजन
आगरा कॉलेज के मैदान पर भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मेयर नवीन जैन और 100 पार्षदों ने शपथ ग्रहण की। मेयर नवीन जैन के साथ भाजपा के 53 पार्षद और बसपा 27 पार्षद सहित 100 पार्षदों कों क्रम वार शपथ दिलाई गई। इस दौरान मंच पर जय श्रीराम के जमकर नारे लगाए गए।
उपमुख्यमंत्री ने दिया विकास का मंत्र
शपथ ग्रहण समारोह के मंच से उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शहक के विकास का मंत्र दिया। डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि हंगामे के बीच निगम के सदन का समय बर्बाद न करें। जब निगम में जाएं, तो एक सकारात्मक विपक्ष के रूप में भूमिका अदा करें। शहर के विकास के लिए किसी पार्टी से न होकर, बल्कि विकास दल के होकर जाएं, जिससे शहर के विकास के लिए जो भी प्रस्ताव पास हों, उसमें कोई व्यवधान न आए।
भगवा रंग में रंगा नजर आया समारोह
शहर की छोटी सरकार के लिए आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह भगवा रंग में रंगा नजर आया। मुख्य द्वार से लेकर समारोह के मुख्य मंच तक सब कुछ भगवा रंग में रंगा हुआ था। मंच के एक तरफ भाजपा का चिन्ह कमल का फूल भी रखा गया था।
यातायात चरमराया
एमजी रोड पर स्थित आगरा कॉलेज मैदान पर हुए इस समारोह के दौरान माननीयों के वाहन, उसके बाद वहां आने वाले लोगों के वाहन एमजी रोड़ के किनारे खड़े कर दिए गए थे, जिससे यहां यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
ये रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, जिलाधिकारी गौरव दयाल, विधायक जगन प्रसाद गर्ग , विधायक महेश गोयल, चौधरी उदयभान सिंह , रामप्रताप सिंह चौहान, हेमलता दिवाकर, जितेन्द्र वर्मा, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया मौजूद रहे।