आगरा

शिवपाल ने जारी की सेक्युलर मोर्चा के मंडल प्रभारियों की लिस्ट, जानिए आगरा, बरेली व अलीगढ़ मंडल में किसको बनाया गया प्रभारी

दिल्ली में अखिलेश की साइकिल रैली में मुलायम सिंह के शामिल होने के बाद शिवपाल ने जारी की ये सूची।

2 min read
Sep 24, 2018
shivpal

आगरा। समाजवादी पार्टी से नाता तोड़कर समाजवादी सेकुलर मोर्चा का गठन करने वाले शिवपाल यादव को बड़े भाई और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अखिलेश यादव के साथ आने पर तगड़ा झटका लगा है। इसके बाद ही उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर समाजवादी सेकुलर मोर्चे के मंडल प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। जारी सूची के मुताबिक देवेन्द्र गुप्ता को आगरा मंडल का प्रभारी, रक्षपाल सिंह को अलीगढ़ मंडल और फरहत मियां को बरेली का प्रभारी बनाया गया है।

अखिलेश की रैली के मुलायम को देख ये बोले शिवपाल
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद शिवपाल यादव लगातार दावा करते रहे हैं कि मुलायम सिंह का आशीर्वाद उनके साथ है। लेकिन जब उन्होंने मुलायम सिंह यादव को अखिलेश यादव की रैली में देखा तो वे खुद को रोक नहीं सके। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि कभी-कभी बहुत लोगों को बिना मेहनत के बहुत कुछ मिल जाता है। कुछ लोगों को मेहनत से भी नहीं मिलता। कुछ भाग्यशाली हैं जिन्हें बिना कुछ किए बहुत कुछ मिला। उनके इस बयान को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से जोड़कर देखा जा रहा है।

मुलायम को दिया था मैनपुरी से चुनाव लड़ने का आॅफर
बता दें कि शिवपाल यादव ने कुछ समय पहले ये दावा किया था कि पार्टी से अलग होने का फैसला उन्होंने बड़े भाई और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से परामर्श लेकर ही लिया है। इस दौरान उन्होंने 80 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। साथ ही मुलायम सिंह यादव को ये प्रस्ताव दिया था कि वे मैनपुरी जिले से समाजवादी सेक्युलर मोर्चे की ओर से चुनाव लडें। लेकिन मुलायम के अखिलेश की साइकिल रैली में शामिल होने के बाद ये साफ हो गया है कि मुलायम का साइकिल से उतरने का कोई इरादा नहीं है। इस रैली के ठीक बाद ही शिवपाल सिंह ने 14 मंडल प्रभारियों की सूची जारी की है।

Published on:
24 Sept 2018 12:30 pm
Also Read
View All