शिवपाल सिंह यादव ने सेक्युलर समाजवादी मोर्चा में लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले एक और सूची जारी की गई है।
आगरा। शिवपाल सिंह ने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा ने लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी शुरू कर दी है। आज समाजवादी सेक्युलर मोर्चा ने महानगर और जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। सपा से जुड़े कई दिग्गज शिवपाल के सीधे संपर्क में थे, इसी क्रम में आज जिला और महानगर अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी गई है। आगरा के दो पुराने सपा दिग्गजों पर शिवपाल ने भरोसा जताते हुये बड़ी जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही एटा, अलीगढ़, मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा के भी जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा की गई है।
30 जिलों में इन्हें जिम्मेदारी
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार के क्रम में उत्तर प्रदेश के 30 जिलों, महानगरों के अध्यक्षों की घोषणा की गई है। इसमें समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में वोट सिंह को अहम जिम्मेदारी देते हुए जिलाध्यक्ष बनाया गया है, वहीं रामगोपाल यादव के गढ़ कहे जाने वाले फिरोजाबाद में शिवपाल सिंह यादव ने अजीम भाई को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी हैं। एटा से राम किशोर यादव को जिम्मेदारी मिली है। मथुरा जिले में जगदीश तौमर को बढ़ी जिम्मेदारी देते हुए जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
आगरा में इन्हें मिली जिम्मेदारी
वहीं आगरा में सियासी पगडंडी पर साइकिल की रफ्तार तेज करने की कवायद करने वाली सपा की राह में शिवपाल का मोर्चा रोड़ा अटकाने का काम करेगा। शिवपाल सिंह ने आगरा जिलाध्यक्ष पर यशपाल राणा को बैठाया है। यशपाल राणा ब्लॉक प्रमुख हैं और समाजवादी पार्टी में उनकी अच्छी पहचान मानी जाती थी, लेकिन कुछ समय से पार्टी से अलग धारा में वो बह रहे थे। वहीं आगरा महानगर अध्यक्ष के रूप में अशोक रैना को चुना गया है। इन दोनों नेताओं को शिवपाल ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुये सपा को आगरा में बड़ा नुकसान पहुंचाने का कार्य किया है।