शिवपाल सिंह यादव ने मायावती के वोटर्स में लगाई सेंध, जानिये क्या करने जा रहे हैं...
आगरा। सपा और बसपा जहां महागठबंधन की तैयारी में जुटे हुये हैं, वहीं शिवपाल सिंह यादव ने बसपा सुप्रीमो मायावती के वोटर्स में सेंध लगाने की पूरी तैयारी कर ली है। एक अक्टूबर को शिवपाल सिंह यादव आगरा आ रहे हैं। कार्यक्रम है बहुजन क्रांति मोर्चे का। मोर्चे द्वारा मंडल स्तरीय महारैली का आयोजन किया जा रहा है।
ये दी जानकारी
बहुजन क्रान्ति मोर्चा के मंडल संयोजक सतीश भास्कर ने बताया कि संगठन का मंडल स्तरीय महारैली का आयोजन 1 अक्टूबर 2018 दिन रविवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक डॉ. अम्बेडकर सामुदायिक केंद्र छीपीटोला आगरा में किया जा रहा है, जिसको बहुजन क्रान्ति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक वामन मेश्राम संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी सेकुलर मोर्चा शिवपाल सिंह यादव होंगे।
शक्ति का होगा निर्माण
उन्होंने बताया कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में विभिन्न पार्टियों के लोगों द्वारा दलित, पिछड़े अल्पसंख्यक का ध्रुवीकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं संगठन के मण्डल प्रभारी जनार्दन अनुरागी ने बताया कि बहुजन क्रान्ति मोर्चा के माध्यम से SC, ST, OBC और MINORITY के सभी शोषितों को एक करके एक शक्ति का निमार्ण किया जाएगा।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
1.एट्रोसिटी प्रिवेंशन एक्ट कानून को और कड़क करना चाहिए और उसको जिस प्रकार से भ्रम फैलाया जो सरासर गलत है।
2. सफाई कर्मचारियों की संविदा व्यवस्था रद्द करके उनको पहले जैसे सरकारी नौकरी मिलनी चाहिये।
3. आदिवासी क्षेत्रों से लड़के, लड़कियों की तस्करी को रोका जाये।
4. भुखमरी, कुपोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि का अभाव ये आदिवासियों के नर संहार का मामला है।
5. ओबीसी की जाति आधारित जनगणना होनी चाहिए।
6. ओबीसी को संख्या के आधार पर 52% प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
7. महिलाओं के ऊपर हो रहे लगातार अन्याय और अत्याचार के खिलाफ कठोर कानून लागू करना होगा।
8. निजी क्षेत्र में आरक्षण देना होगा।