
आगरा। सींगना गांव में बने अत्याधुनिक आगरा ट्रेड सेंटर में आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर यानी एफमैक द्वारा आयोजित तीन दिवसीय लेदर, फुटवियर कॉम्पोनेंट्स एवं तकनीकी मेला के 13 वें संस्करण में दूसरे दिन शनिवार को तकनीकी सत्र में सेंट्रल फुटवियर ट्रेंनिंग इंस्टीट्यूट, फुटवियर डिजाइन एवं डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, हिंदुस्तान कॉलेज, डॉ एमपीएस और उत्तम इंस्टिट्यूट के इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन के छात्र-छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के संदेश के साथ साथ स्वरोजगार लगाने की प्रेरणा दी गई। एफमैक के प्रेसिडेंट पूरन डाबर ने कहा कि पढ़ाई लिखाई से मसाज वाले स्पा सेंटर, दर्जी ड्रेस डिजानर और मोची शू रिपेयर क्लीनिक खोल रहे हैं। ऐसे ही आप भी पढ़ लिखकर अपने काम को आकर्षक स्वरोजगार में बदल सकते हैं। याद रखें, कोई भी काम छोटा नहीं होता। एक साइकिल पर आप मॉडल टी शॉप भी खोल कर ठीक ठाक पैसा कमा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा सिर्फ ज्ञान का माध्यम है। इस ज्ञान से नौकरी देने वाले बनें। मात्र पांच लाख रुपए से शू बैग बनाने की मशीन लगाकर अच्छा कमाया जा सकता है।
तकनीकि सत्र का राज्यमंत्री ने किया शुभारंभ
इससे पूर्व, इस तकनीकी सत्र का दीप जलाकर मुख्य अतिथि व राज्यमंत्री डॉ जीएस धर्मेश ने विधिवत शुभारंभ किया। डॉक्टर धर्मेश ने इस मौके पर कहा कि इस तरह के इंटरनेशनल फेयर से यहां की स्थापित जूता इकाइयों का विस्तार होगा। छोटी इकाइयों को मदद मिलेगी। नई तकनीकी का लाभ जूता उद्योग को मिलेगा, और विश्व में आगरा के जूते की मांग बढ़ेगी, खपत बढ़ेगी। साथ ही साथ कौशल विकास में ट्रेनिंग लेने वाले विद्यार्थियों को भी यहां बहुत कुछ सीखने और समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हुनरमंद विद्यार्थी जब फैक्ट्री चलाएंगे तो देश की आर्थिक तरक्की सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की कौशल विकास, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्मार्ट इंडिया की योजनाएं बेरोजगारी को खत्म कर स्वरोजगार के लिए नए रास्ते बना रही हैं। इन योजनाओं का नई पीढ़ी को लाभ मिलेगा। सेंट्रल फुटवियर ट्रेंनिंग इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर सनातन साहू ने छात्र छात्राओं को ज्ञान और कठिन मेहनत से मंजिल पाने की सीख दी। स्पेन के एंटोन्यू ने रैड 21 कंपनी का प्रेजेंटेशन दिया। स्पेन के ही लोरेंजो ने पॉल केमिकल कंपनी द्वारा शू फिनिशिंग की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें -
पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करता जूता उद्योग
प्रोविडेंट फंड कमिश्नर राजीव कुमार पाल ने मीट एट आगरा जैसे विश्व स्तरीय ट्रेड फेयर की सराहना की। चम्बल के डिस्ट्रिक फॉरेस्ट ऑफीसर आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन जूता उद्योग पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करता। आगरा ट्रेड सेंटर ईको सेंसेटिव जोन के अंतर्गत आता है पर ऐसे आयोजन पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करते। अब यूं तो नेशनल हाईवे टू से सर्वाधिक ध्वनि व वायु प्रदूषण होता है तो क्या इस मार्ग को बंद कर देना चाहिए? नहीं... उन्होंने कहा कि हमें पर्यावरण का संरक्षण करते हुए उद्योग धंधों का भी लगातार विकास करना है। टीटीजेड के सदस्य व पूर्व विधायक केशो मेहरा ने कहा कि जूता फैक्ट्री धूल के कण पैदा नहीं करती। 8 सितंबर 2016 को सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध तदर्थ रोक का आदेश एनवायरमेंट प्रोटक्शन रूल्स के भी विरुद्ध है। इस संबंध में शीघ्र ही प्रधानमंत्री स्तर पर बातचीत करके समस्या का हल निकाला जाएगा।
इन्होंने संभाली व्यवस्थाएं
तकनीकी सत्र का संचालन एडमिन व इवेंट कोऑर्डिनेटर चंद्रशेखर ने किया। उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान अध्यक्ष पूरन डाबर, महासचिव राजीव वासन, कन्वीनर कैप्टन एएस राणा, उपाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, सचिव ललित अरोरा व कार्यकारिणी सदस्य सुनील मनचंदा प्रमुख रूप से शामिल रहे। आयोजन का कुशल प्रबंधन मनीष अग्रवाल के निर्देशन में रावी इवेंट की पूरी टीम ने संभाला।
प्रदर्शनी पर लगा रहा विजिटर्स का तांता..
मीट एट आगरा के दूसरे दिन भी भारत के विभिन्न शहरों और चीन, ब्राजील, अर्जेंटीना, ताइवान, जर्मनी, इटली, स्पेन व हांगकांग समेत 10 देशों के जूता उद्योग से जुड़े 220 एक्जीबिटर्स द्वारा 225 से अधिक स्टाल पर 150 कंपनियों के उत्पाद, मशीनरी व तकनीकी की जानकारी लेने के लिए सुबह से देर शाम तक आगरा व आस पास से सैकड़ों विजिटर्स का सिलसिला लगातार चलता रहा। वहीं स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक और डाकघर द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर भी लोग जानकारियां जुटाते रहे।
ये भी पढ़ें -
शू रिपेयर क्लीनिक रहा आकर्षण का केंद्र..
लेदर सेक्टर स्किल काउंसिल व सीएफटीआई की मदद से स्किल इंडिया के तहत मोची स्वाभिमान स्कीम शुरू की गई है। इस स्कीम में तैयार किया गया शू रिपेयर क्लिनिक यानी ई रिक्शा मीट एट आगरा में सबके आकर्षण का केंद्र रहा। खास बात यह रही कि इस वाहन पर बैठकर एफमैक के प्रेसिडेंट पूरन डाबर ने भी स्वयं अपने हाथों से जूतों पर पालिश करके सभी को अपनी विनम्रता का और जमीन से ऊंचाई तक जाने का संदेश दिया।