
SP-Congress Alliance: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन होने के बाद अब सपा मुखिया अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में 25 फरवरी को आगरा में शामिल होंगे। 22 फरवरी 2024 को अखिलेश यादव को यात्रा के लिए न्योता देने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय खुद सपा दफ्तर पहुंचे।
कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश के संयोजक पीएल पुनिया कांग्रेस नेताओं के साथ सपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ से सपा अध्यक्ष को भेजे गए आमंत्रण पत्र को सपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को सौंपा।
अवस्थी ने बताया कि राजेंद्र चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा में राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल होंगे। सपा मुखिया 25 फरवरी को आगरा में टेढ़ी बगिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा के पास यात्रा में शामिल होंगे। न्याय यात्रा आगरा के शाहदरा चौराहे से फतेहपुर सीकरी तक जाएगी।
यह भी पढ़ें: फुलवरिया फ्लाईओवर पर अचानक गाड़ी से उतरे PM मोदी और चलने लगे पैदल, चौंके लोग
इससे पहले 21 फरवरी को अखिलेश यादव से जब भारत जोड़ो यात्रा से संबंधित सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “अंत भला तो सब भला... गठबंधन होगा। इसके साथ ही सपा और कांग्रेस के बीच अलायंस का एलान होने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर लिखा था, “सौहार्दपूर्ण गठबंधन की सबको बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं! बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी का संविधान बचाने के लिए। लोहिया जी के संख्यानुपातिक हिस्सेदारी के सिद्धांत को अमल में लाने के लिए। समाजवादी मूल्यों को सक्रिय करके बराबरी लाने के लिए। 90% पीडीए को उनका हक दिलवाने के लिए और देश की तरक्की के लिए… एक हो जाएं।”