पंजाब नेशनल बैंक की है घटना, सीसीटीवी में कैद हुआ शातिर।
आगरा। आगरा ग्वालियर रोड स्थित थाना सदर के रोहता पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में एक शातिर ने पहले दोस्ती की और उसके बाद 40000 हजार रुपए और फोन लेकर भाग गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैंं। धनगर समाज में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। पीडित का आरोप है कि दो बार 100 नंबर पर सूचना देने के बाद भी फोन नहींं लगा। बैंक में गार्ड भी तैनात नहीं है। ऐसी घटनाए बैंक में पहले भी हो चुकी हैं।
यहां का मामला
थाना सदर के सेवला सराय निवासी रोहित धनगर पुत्र गेंदालाल धनगर रोहता पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे अपने खाते में 40000 हजार रुपए जमा करने के लिए आया था। बैंक में एक शातिर ने उससे फाॅर्म भरने की बोलकर दोस्ती कर ली। इस बीच शातिर ने उससे पैसे तथा उसका फोन ले लिया। फोन पर बात करते हुए वह बाहर आ गया। रोहित बैंक के अंदर ही था। काफी देर के बाद जब बैंक में नहीं आया, तो रोहित खुद बाहर गया। बाहर जाकर देखा तो शातिर ठग कहीं दिखाई नहीं दिया। पीड़ित ने इसकी जानकारी बैंक के अंदर आकर दी। ठगी की खबर से पूरे बैंक परिसर में सनसनी फैल गई।
नहीं लगा फोन
पीड़ित ने बैंक में ही एक व्यक्ति के फोन से 100 नम्बर पर फोन किया। पीड़ित का आरोप है कि दो बार फोन करने के बाद भी कंट्रोल रूम पर फोन रिसीव नहीं हुआ। घटना के आधे घंटे बाद ठगी की सूचना पर थाना सदर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बैंक में सीसीटीबी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में शातिर पैसे और फोन को लेकर सैंया की तरफ भाग गया है। मौके पर धनगर समाज के लोग भी आ गए। उनमें पुलिस के खिलाफ काफी आक्रोश व्याप्त था। उन्होने बताया है कि बैंक में गार्ड तैनात नहीं है, जिसकी वजह से कई बार ऐसी वारदातें हो चुकी हैं। इसके बाद भी सदर पुलिस पर इसका कोई प्रभाव नहीं है।
बैंंक मैनेेजर ने झाड़ा पल्ला
वहीं बैंक की प्रबंधक दिव्या पाल का कहना है कि यह घटना बैंक के बाहर हुई है। उस लड़के ने बैंक मे पैसे जमा नहीं किए, जिसके कारण वह शातिर का शिकार हो गया। उन्होंने बताया कि बैंक में गार्ड की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुकाहै, लेकिन कोई गार्ड उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, इस कारण से भी परेशानी आ रही है।