
आगरा। ताजमहल को देखने देश विदेश से लाखों पर्यटक आते हैं। इन पर्यटकों को ताज की खूबसूरती से पहले आगरा की खूबसूरती के दर्शन हों, इसके लिए बड़ा काम होने जा रहा है। अब ताजमहल तक जाने वाले रास्तों को भी संवारा जाएगा। ताज से फतेहाबाद रोड तक दो किमी के दायरे में मकानों की दीवारों को एकरूपता दी जाएगी। उन पर पेंट कराकर ड्राइंग कराई जाएगी।
ताजगंज प्रोजेक्ट में मिला बहुत कुछ
सपा सरकार में 197.28 करोड़ से शुरू हुए ताजगंज प्रोजेक्ट से ताजमहल को बहुत कुछ मिला। अब इसे और संवारने की जरूरत है। पर्यटकों को पर्यटन नगरी में खास अनुभव कराने के लिए कमिश्नर केराम मोहन राव ने एडीए उपाध्यक्ष, उपनिदेशक पर्यटन व उपनिदेशक उद्यान को पत्र भेजा है। इसमें ताज पूर्वी व पश्चिमी गेट पर सुंदरीकरण की अत्यंत आवश्यकता बताई गई है। कमिश्नर ने उन्हें शीघ्र बैठक कर ताज की चारदीवारी से दो किमी की परिधि में निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
होगा निरीक्षण
पूर्वी गेट के दोनों ओर फतेहाबाद रोड तक निरीक्षण होगा। कमिश्नर ने सड़क के दोनों ओर मकानों की दीवारों को एकरूप से बनवाने, उन पर एक जैसा प्लास्टर व पेंट कराने और ड्राइंग कराने को कहा है। इस पर खर्च होने वाला पैसा एडीए द्वारा दिया जाएगा। इसमें कोई बाधा नहीं आए, इसलिए उन्होंने काम की शुरुआत से पहले भवन स्वामियों से वार्ता करने के लिए कहा है। ताज के 500 मीटर के दायरे में मकानों की दवारों को यूनिफार्म तरीके से बनाना आसान नहीं होगा। ताजगंज प्रोजेक्ट में काम को सुप्रीम कोर्ट से अनुमति ली गई थी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के एक्ट के अुनसार भी स्मारक की 100 मीटर की परिधि में कोई निर्माण नहीं हो सकता है। वहीं इस दायरे के बाहर 200 मीटर क्षेत्र में अनुमति मिलने के बाद ही काम हो सकेगा।
एक जैसे नजर आएंगे पेड़
ताज के पूर्वी और पश्चिमी गेटों पर लगे पेड़ भी एक शेप में नजर आएंगे। कमश्निर ने उन्हें एक शेप में करने के आदेश दिए हैं। स्मार्ट सिटी के लिए नियुक्त पीएमसी के माध्यम से यहां लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही यहां से बड़े डस्टबिन भी हटाए जाने की योजना है।