Rain Alert: मौसम विभाग ने 10 राज्यों में अलर्ट जारी किया है। 29 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा एक्टिव होने का अनुमान है। इससे बारिश के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
Heavy Rain: यूपी के आगरा में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने 29 जनवरी को मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। इस दिन तूफानी हवाएं चल सकती हैं। साथ में बारिश के भी आसार हैं।
इधर शहर का तापमान स्थिर चल रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा होकर 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम होकर 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 76 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 28 जनवरी तक सुबह और देर रात हल्का कोहरा छाया रह सकता है। जबकि 29 को तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन खुले में निकलने से पहले मौसम का मिजाज देख लेना ठीक रहेगा। तेज हवाएं चलने पर बाहर निकलना सेहत के लिए ठीक नहीं है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। उधर, राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड का असर बरकरार रहेगा। कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। नागौर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में आज बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं मौसम में बदलाव के साथ तेजी से ठंड में इजाफा हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम साफ रहेगा। 29 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) एक्टिव होने से अधिक ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश बर्फबारी के आसार है।