आगरा

चोर घुसे जिस घर में, वो घर था दरोगा का, जानिए फिर क्या हुआ…

थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव मनकेडा में चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया

2 min read
Jul 10, 2018
Chor
Chor

आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव मनकेडा में चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया, लेकिन जब चोर घर में घुसे तो पता चला, कि ये घर तो पुलिस के सेवानिवृत्त दरोगा का है। इसके बाद भी चोरों के कदम रुके नहीं। चोरों ने वहां से लाखों का माल चुराया। सुबह परिजनों को इसकी जानकारी हुई। उन्होंने थाने में तहरीर दी है।


यहां का है मामला
थाना मलपुरा के गांव मनकेड़ा निवासी रामस्वरूप चाहर पुलिस के रिटायर दरोगा हैं। सोमवार रात को अपने परिवार के साथ एक कमरे में सो रहे थे, तभी रात को चोर उनके घर में आ गए। जिस कमरे में रामस्वरूप का परिवार सो रहा था। उसको बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद वे घर से नगदी समेत जेवरात लेकर भाग गए। मंगलवार सुबह 6 बजे वह जागे तो बाहर से कमरे को बंद देख कर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोसी घर में आ गए। उन्होंने कमरे को खोला। कमरे से बाहर आकर घर का नजारा देख वे भौचक्के रह गए। घर में सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था।


सूचना पर पहुंची पुलिस
इस पर उन्होंने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस आ गई। रामस्वरूप ने पुलिस को बताया है कि चोर उसके घर से 60 हजार रुपए नगद 6 सोने की अंगूठी, चार सोने की चूड़ी, दो सोने की जंजीर, एक जोडी सोने की झुमकी, एक जोडी कुण्डल, एक कन्दोनी, चांदी की 6 जोडी पायल, मिक्सी कपड़े, बर्तन तथा जरूरी कागजात ले गए है। वहीं इस घटना से ग्रामीणो में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा है कि पुलिस के सुस्त रवैये की वजह से चोर क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त कराने की मांग की है। एसओ मलपुरा विजय सिंह ने बताया है कि पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।

Published on:
10 Jul 2018 07:40 pm