आगरा

कमिश्नर के आदेश से इन 6 गांव के लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा

इनर रिंग रोड के आस पास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या आ रही थी
2 min read
• •
Updated: 28 Mar 2018, 7:58 AM IST
Commissioner K Ram Mohan Rao
Commissioner K Ram Mohan Rao

आगरा। इनर रिंग रोड के आस पास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या आ रही थी, कि उन्हें महंगा टोल देना पड़ रहा था। कमिश्नर ने आयुक्त सभागार में आगरा विकास प्राधिकरण की 129 वीं साधारण बोर्ड की बैठक में निर्देश दिए, कि आस पास के आधा दर्जन से अधिक गांव के लोगों को टोल में छूट प्रदान की जाए।

कमिश्नर ने दिए ये निर्देश
कमिश्नर केराम मोहन राव ने आगरा इनर रिंग रोड हेतु अधिग्रहित गांव कुबेरपुर, रहनकला, रायपुर , एत्मादपुर मदरा एवं महुआखेड़ा जिनकी जमीन रोड हेतु अधिग्रहित की गयी है, उनके निवासियों के दोपहिया वाहनों को टोल दर से छूट प्रदान करने के संम्बन्ध में निर्देशित किया। निर्देश दिए गए कि जिलाधिकारी व उपाध्यक्ष एडीए एक माह के भीतर सर्वे कराकर वाहन स्वामियों के परिचय पत्र बनाये जाने की कार्रवाई कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने इनर रिंग रोड के निर्माण हेतु शासन द्वारा दिए गये 200 करोड़ रुपयें के ऋण को अनुदान में परिवर्तित कराने हेतु शासन से निरन्तर पत्राचार करने के निर्देश दिए।

इन योजनाओं पर हुई चर्चा
आयुक्त के राममोहन राव की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में आगरा विकास प्राधिकरण की 129 वीं साधारण बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें ताजनगरी योजना प्रथम चरण व द्वितीय चरण, एडीए हाईट्स योजना, इन्दिरापुरम योजना, नेहरु एनक्लेव योजना, कालिन्दी विहार योजना, शास्त्रीपुरम योजना आदि योजनाओं के अन्तर्गत बोर्ड की 127 वीं साधारण बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या के सम्बन्ध में बिन्दुवार गहन विचार-विमर्श व समीक्षा की गयी। इसके साथ ही प्राधिकरण के वित्तीय वर्ष 2018-19 के आय-व्ययक हेतु प्राप्त वित्तीय प्रस्तावों को वित्तीय वर्ष 2018-19 के प्रस्तावित आय-व्ययक में सम्मिलित करते हुए अनुमोदन हेतु बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किया गया।

ये दिए निर्देश
बैठक में आयुक्त ने आय-व्ययक की समीक्षा के दौरान कहा कि प्राधिकरण वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत मांग के अनुरुप ही निर्माण कार्य को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही आय और व्यय का पूर्ण विवरण स्पष्ट रुप से तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने संचालित योजनाओं को सम्बन्धित विभागों को हस्तान्तरण किए जाने पर बल देते हुए कहा कि इन योजनाओं पर अति आवश्यक व्यय के अतिरिक्त भविष्य में उन पर और अधिक पैसा व्यय न किया जाए। उन्होंने प्राधिकरण की योजनाओं के अनुरक्षण पर पिछले चार-पांच वर्षों में किन-किन योजनाओं में कौन-कौन से कार्यों में धनराशि व्यय की गयी के परीक्षण हेतु अपर जिलाधिकारी, अपर निदेशक कोषागार, सचिव, आगरा विकास प्राधिकरण तथा उप निदेशक पर्यटन आदि अधिकारियों की समिति गठित करने के निर्देश दिए।


ये रहे मौजूद
बैठक में उपाध्यक्ष आगरा विकास प्राधिकरण राधेश्याम मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक, प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, नगरायुक्त अरुण प्रकाश, सचिव एडीए हरीराम, मुख्य अभियंता एडीए अजय सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Published on: