व्यापारियों के बीच गुरुवार को केन्द्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार पहुंचे।
आगरा। व्यापारियों के बीच गुरुवार को केन्द्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने आगरा के व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों से मुलाकात की। सरकार की योजनाओं को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानी। व्यापारियों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं से श्रम मंत्री को अवगत कराया गया, तो श्रम मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार व्यापारियों के हित के लिए कार्य कर रही है। उनकी हर समस्या का समाधान जरूर होगा।
यहां पहुंचे केन्द्रीय मंत्री
कमला नगर स्थित नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अमर मित्तल के आवास पर शाम पांच बजे केंद्रीय श्रम मंत्री पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों से मुलाकात की। व्यापारी कुछ बोल पाते, उससे पहले ही उन्होंने अपनी बात की शुरुआत केंद्र सरकार की योजनाओं से की। जीएसटी, बैंकों में 31 करोड़ खाते खोलना, बिजली व्यवस्था में सुधार और स्वच्छता पर उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही भरोसा दिलाया कि जीएसटी जैसी बड़ी व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ कमियां हैं, वक्त रहते पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने योजनाओं को लेकर व्यापारियों और लोगों की प्रतिक्रिया को भी जाना।
व्यापारियों के गिनाईं समस्या तो दिया ये आश्वासन
केन्द्रीय मंत्री को आगरा के व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, तो केन्द्रीय मंत्री ने व्यापारियों को आश्वस्त किया, कि उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। अमर मित्तल ने उन्हें बताया कि झूठी शिकायत बनाकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में घुसने की कोशिश रहती है, ताकि व्यापारियों को अहित का डर दिखाकर अपना काम निकाला जा सके। व्यापारी स्टेट और सेंट्रल जीएसटी में अलग अलग दर्ज हैं, लेकिन सर्वे और सीजर की कार्रवाई का डर दोनों विभाग दिखाते हैं। कारोबारी प्रमोद गर्ग ने बताया कि सरकार में टॉप लेवल पर भ्रष्टाचार कम हुआ लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारी मनमानी और उगाही से बाज नहीं आ रहे। व्यवस्था की खामियों को नए सर्कुलर लाकर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। हालात इंस्पेक्टर राज जैसे हैं, जिसे कंट्रोल करने की जरूरत है। इसके साथ ही आगरा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया गया।
ये रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा शहर अध्यक्ष विजय शिवहरे, चैंबर के कार्यवाहक अध्यक्ष मुरारी लाल गोयल, सुनील सिंघल, श्रीकिशन गोयल, मनीष अग्रवाल, अतुल गुप्ता, अशोक गोयल, आलोक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, राजेश गोयल, राजीव कंसल, राजीव अग्रवाल, अंशुल, अनिल, सौरभ मित्तल, राकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।