
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से आगरा जा रही मिनी ट्रैवलर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, मिनी ट्रैवलर बस को धीरज पाटिल चला रहे थे। वह गुजरात के सूरत में 287 लक्ष्मी नारायण सोसायटी, थाना डिडौली के रहने वाले हैं। बस में 13 यात्री सवार थे और सभी अयोध्या से आगरा जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में प्रदीप पुत्र किशन, मनोहर पुत्र शिंदे, जनक पुत्र वेन, उमा वेन पत्नी प्रदीप सिंह, पदम वेन पत्नी सुरेंद्र सिंह, उर्वशी वेन पत्नी पलिया, किट्टू कुमारी, कीरत सिंह, पृथ्वी पुत्र वीरेंद्र सिंह, क्ररूठा पुत्री वीरेंद्र सिंह, बरसा वेन पत्नी मनोहर सिंह, रेणुका वेन पत्नी इंद्र सिंह और हिना वेन पत्नी करनवा घायल हो गए। हादसे में प्रदीप पुत्र किशन (53) और जनक बेन पत्नी कीरत सिंह (58) की मौत हो गई। अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही यूपीडा की टीम और फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर राहत और बचाव का काम किया। हादसे के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।