कमिश्नर केराम मोहन राव को मुस्लिम समाज के लोगों ने मंटोला में घेर लिया।
आगरा। निकाय चुनाव के लिए सुबह 7.30 बजे जब वोटिंग शुरू हुई, तो कई जगह आक्रोश फैला गया। ये आक्रोश था, वोटिंग लिस्ट पर नाम न होने पर। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मंटोला में जब कमिश्नर केराम मोहन राव पहुंचे, तो मुस्लिम समाज के लोगों ने उन्हें घेर लिया। कमिश्नर से जबाव मांगा, तो कमिश्नर यहां अपनी सफाई देते नजर आए।
ये है मामला
सुबह जब मतदान शुरू हुआ, तो कहीं ईवीएम खराब की सूचना मिली, तो कहीं मतदान केन्द्रों पर अव्यवस्थाओं की। इस बीच बड़ी खबर तब मिली, जब पता चला, कि बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाताओं के वोट ही गायब कर दिए गए हैं। इसे लेकर राहुल नगर बोदला में हंगामा हो गया। आरोप था, कि बड़ी संख्या में मुस्लिमों के वोट काट दिए गए हैं। इसके अलावा रामबाग क्षेत्र से भी वोट कटने की सूचना मिलती रही। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मंटोला में भी कई लोगों को लिस्ट में नाम ही नहीं मिले, तो लोग बिना वोट दिए वापस लौट आए।
घेर लिए कमिश्नर
मंटोला में दोपहर के समय कमिश्नर केराम मोहन राव मतदान स्थल पर डीएम गौरव दयाल और अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिसबल भी मौजूद था। यहां पर उन्होंने मतदान प्रक्रिया को देखा। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने उन्हें घेर लिया। लोगों का आरोप था, कि जान बूझकर उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इस पर कमिश्नर ने उन्हें समझाया, साथ ही बताया कि कई बार सूचनाएं जारी की गईं थीं। ऐसा नहीं हो सकता है, कि मतदाता सूची में उनका नाम न हो। वे यहां 5 मिनट रुके, इसके बाद यहां से उनका काफिला चला गया।
14,54,430 मतदाता भाग्य का फैसला करेंगे
यूपी निकाय चुनाव के लिए आगरा नगर निगम सहित जिले के 13 में से 12 निकायों के लिए बुधवार सुबह 7.30 बजे से मतदान शुरू हो गया। आगरा नगर निगम के महापौर सहित नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 118 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो चुका है। इसमें आगरा नगर निगम के अलावा जिले की 5 नगर पालिका परिषद तथा 6 नगर पंचायतों के लिए चुनाव होगा। 14,54,430 मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।