आगरा

दरोगा की पत्नी की हत्या: रिश्तों में उलझी हैरान कर देने वाली कहानी

हैरान कर देने वाली ये घटना थाना एत्मादौला क्षेत्र की है।
2 min read
Aug 03, 2019
Feature image

आगरा। कानून के रखवाले पर ही इस बार हत्या का आरोप लगा है। ये हत्या उस महिला की हुई, जिसका पति यूपी पुलिस में दरोगा है। हैरान कर देने वाली ये घटना थाना एत्मादौला क्षेत्र की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं मृतका के पुत्र ने सिपाही के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।

यहां की घटना
कालिंदी बिहार स्थत ग्रीन पैलेस बसेरा कॉलोनी में कुसल देवी की हत्या कर दी जाती है। कुसल देवी के पति लक्ष्मी राज चौधरी यूपी पुलिस में दरोगा है और इस समय फिरोजाबाद के थाना एका में तैनात हैं। इस हत्याकांड को उस समय अंजाम दिया गया, जब कुसल देवी घर में अकेली थीं। उनकी पुत्री राजकुमारी अपने कॉलेज गई हुई थी। जब राजकुमारी कॉलेज से वापस घर आई, तो घटना की जानकारी हो सकी।

चचेरी बहन के पति पर आरोप
हत्या के बाद लूटपाट भी हुई। मृतका के पुत्र यतेन्द्र ने पुलिस को बताया कि हत्यारा कोई और नहीं, उसकी चचेरी बहन का पति मनोज कुमार है, जो यूपी पुलिस में सिपाही है और मौजूदा समय में हाथरस में तैनात है। यतेन्द्र ने बताया कि वर्ष 2011 में भी उसने मां पर हमला बोला था। उस समय पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था, जिसके बाद मनोज ने आज मौका पाकर मां को मार दिया।

पुलिस कर रही जांच
इस मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। जहां पूरा परिवार हत्या में मनोज कुमार पर आरोप लगा रहा है, वहीं पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि दोनों बेटे अलग रह रहे हैं और उनके खिलाफ पूर्व में जानलेवा हमले का मुकदमा भी दर्ज है। वहीं यूपी पुलिस के सिपाही मनोज कुमार का विवाद उसकी शादी के समय से चला आ रहा है। लक्ष्मी राज चौधरी ने अपनी भतीजी का विवाह मनोज के साथ कराया था। उसी समय लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद मनोज उनसे रंजिश मानने लगा था।

Published on:
03 Aug 2019 04:12 pm