फिरोजाबाद में पहली बार मेयर चुना जाएगा, इसलिए यहां मतदाता और भी अधिक उत्साहित नजर आए।
आगरा। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया है। हर जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। चुनाव में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए जमीन के साथ-साथ आसमान से भी निगरानी की जा रही है। एटा , बरेली और फिरोजाबाद तीनों ही जिलों में मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। सपा का गढ़ कहे जाने वाले फिरोजाबाद पर इस बार सबकी नजर है, क्योंकि यहां पहली बार मेयर चुना जाएगा। खास बात ये है कि इस बार मतदाता साइलेंट नजर आ रहा है।
बरेली का ये है हाल
बरेली में सुबह से ही मतदाताओं का उत्साह देखते बन रहा था। सर्दी में मतदाताओं की सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर भीड़ नजर आई। नगर निगम, चार नगर पालिका परिषद और 15 नगर पंचायत के लिए बुधवार को वोट डाले जाएंगे। निकाय चुनाव में 11,69,463 मतदाता 2765 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। बरेली के सभी 20 नगर निकायों में 372 वार्डों में मतदान होगा जिसके लिए 327 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 1090 पोलिंग पार्टियां मतदान कराएंगी। जिले में 32 जोनल व 80 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाये गये हैं।
एटा में उत्साह
एटा में चार नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों के लिए प्रशासन ने 93 मतदान केंद्र और 255 बूथ बनाये है। 25 अतिसंवेदनशील प्लस,162 अति संवेदनशील,68 संवेदनशील बूथों पर सीआरपीएफ के साथ सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। एटा में 11 लाख 88 हजार 263 मतदाता हैं। सुरक्षा के लए 8877 लोग पाबंद किए गए हैं।य़ 209 लोग थाने में बैठाए जाएंगे। एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि उपद्रवी तत्वों पर सख्ती की जाएगी।
फिरोजाबाद में भी मतदान का जश्न
फिरोजाबाद में एक नगर निगम, तीन नगर पालिका और तीन नगर पंचायत के लिए 88 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सभी निकायों में 6 लाख 95 हजार वोटर बुधवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। फिरोजाबाद शहर में पहली बार मेयर का चुनाव होने जा रहा है। पोलिंग पार्टी मतदान केन्द्रों पर पहुंच गई हैं। एसएसपी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मतदान केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।