आगरा

आकाश आनंद के सम्मेलन में उमड़ी भीड़, आगरा हाईवे पर एक किलोमीटर लंबा जाम

UP election 2027: एत्मादपुर में बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में आकाश आनंद पहुंचे। हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी, हाईवे पर एक किलोमीटर लंबा जाम लगा।
less than 1 minute read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 2:53 PM IST
Akash Anand
आकाश आनंद (Photo: IANS/Yuvnish)

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के एत्मादपुर में रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। मॉडल स्कूल मैदान में आयोजित सम्मेलन में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद पहुंचे। उन्हें सुनने के लिए आगरा मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे।

सम्मेलन में आकाश आनंद के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। बसपा के आगरा के मुख्य मंडल प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि यह सम्मेलन एत्मादपुर ही नहीं, बल्कि पूरे आगरा मंडल के लिए ऐतिहासिक होगा। उन्होंने दावा किया कि आकाश आनंद के विचार सुनने के लिए हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। इन्हें मंच, पेयजल और अनुशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वाहनों की पार्किंग के लिए हाईवे और बरहन रोड पर व्यवस्था की गई है।

हाईवे पर एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार

कार्यकर्ता सम्मेलन का असर यातायात पर भी पड़ा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने से हाईवे पर जाम लग गया। करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाईवे के दोनों ओर वाहन घंटों रेंगते रहे।

जाम के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन हाईवे से निकलने के बजाय एत्मादपुर कस्बे के बाजारों के रास्ते जाने को मजबूर हुए। इससे कस्बे के अंदर भी यातायात प्रभावित हुआ।

Updated on:
22 Nov 2026, 2:53 PM IST
Published on: