आगरा

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, यूपी रोडवेज AC बस 20 फीट नीचे सर्विस रोड पर गिरी, दो यात्रियों की मौत, 20 घायल

-आगरा से लखनऊ जा रही थी बस।-चार रोडवेज कर्मी समेत बस में सवार थे 41 लोग।-कोहरे के कारण हुआ हादसा।
less than 1 minute read
• •
Updated: 13 Jan 2020, 12:31 PM IST
accident
accident

आगरा। सोमवार की सुबह कोहरे के कारण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में यूपी रोडवेज की एयरकंडीशन बस अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे सर्विस रोड पर गिरकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को आगरा के एस एन मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर है।

घटना फतेहाबाद इलाके के सिकरारा गांव के पास की है। जानकारी के मुताबिक बस आगरा से लखनऊ जा रही थी। बस में कुल 41 लोग सवार थे, जिसमें चार रोडवेज कर्मी व 37 यात्री थे। बताया जा रहा है कि सिकरारा गांव के पास एक पंक्चर ट्रक खड़ा था। कोहरे के कारण बस चालक को ट्रक दिखायी नहीं दिया। पास आने पर जब ट्रक दिखा तो टक्कर बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई और 20 फीट नीचे सर्विस रोड पर गिरकर बस पलट गई।

हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और यूपीडा के कर्मचारी पहुंच गए। इसके बाद घायलों को एस एन मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भेजा गया। घायलों में दो की हालत नाजुक बतायी जा रही है। इस मामले में एसपी ग्रामीण प्रमोद कुमार का कहना है कि हादसे की वजह कोहरा माना जा रहा है। दो यात्रियों की मौत हुई है, उनकी शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। बस को क्रेन की मदद से सर्विस रोड से हटवाया गया है।

Published on: