आगरा

वीरांगना अवंतीबाई की 188वीं जयंती पर देश के शहीदों किए जाएंगे याद, जानिए पूरा कार्यक्रम

18 अगस्त को निकाली जाएगी विशाल शोभायात्रा 11 झांकियां, 2000 बाइक और ऊंट होंगे शामिल
2 min read
Aug 16, 2019
rani avantibai
rani avantibai

आगरा। अखिल भारतीय लोधी युवा महासभा के तत्वाधान में लोधी समाज का गौरव महारानी अवन्तीबाई लोधी (Avantibai Lodhi) की 188वीं जयंती को बड़ी धूम-धाम से मनाने का निर्णय लोधी युवाओं ने लिया है। इसी क्रम में लोधी समाज 14 अगस्त से 18 अगस्त तक अवन्तीबाई लोधी की जयंती को ‘‘देश के शहीदों को श्रद्धांजलि’’ सप्ताह के रूप में मनायेगा। 18 अगस्त 2019 को भव्य तृतीय शोभायात्रा अवन्तीबाई पार्क दहतोरा से अवन्तीबाई चौराहा, शास्त्रीपुरम, कारगिल, बोदला चौराहा होते हुए अवन्तीबाई पार्क अमरपुरा में समाप्त होगी।

ये हैं कार्यक्रम

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सुनील राजपूत (Dr sunil Rajput) ने बताया कि अवन्ती बाई लोधी की जयंती को लोधी समाज ‘देश के शहीदों को श्रध्दांजलि’’ सप्ताह के रूप में मना रहा है, जिसमें 18 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 14 अगस्त को शोभायात्रा मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। 15 अगस्त को अवन्तीबाई पार्क अमरपुरा में ध्वजारोहण किया गया 16 अगस्त को अवन्तीबाई लोधी की जयंती के अवसर पर प्रतापपुरा चैराहा पर अबन्तीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अवन्तीबाई पार्क दहतोरा में विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। 17 अगस्त को आमंत्रण यात्रा जो लोधी बाहुल्य क्षेत्रों में लोगों से आने की अपील करेगी। 18 अगस्त 2019 को भव्य शोभायात्रा अवन्तीबाई पार्क दहतोरा से अवन्तीबाई चाराहा शास्त्रीपुरम, कारगिल, बोदला चैराहा होते हुए अवन्तीबाई पार्क अमरपुरा में समाप्त होगी।

बीएल वर्मा और भवानी सिंह को बुलाया

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा (BL verma) व अति विशिष्ट अतिथि भवानी सिंह (Bhawani singh) संगठन महामंत्री ब्रज व कानपुर क्षेत्र भजपा और सांसद राजकुमार चाहर (Rajkumar chahar), विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा श्याम भदौरिया, महानगर अध्यक्ष भाजपा विजय शिवहरे (Vijay shivhare) होंगे। साथ ही लोधी समाज के सभी विधायक व आगरा शहर के सभी विधायकों की गरिमामयी उपस्थित शोभायात्रा में चार चांद लगायेगी।

शोत्रायात्रा में 2000 बाइक होंगी

अखिल भारतीय लोधी युवा महासभा के जिला अध्यक्ष अभिषेक राजपूत ने बताया कि शोभायात्रा में 11 झांकी व अवन्तीबाई लोधी के स्वरूप में घोड़ों व ऊँटों पर अपने सैनिकों के साथ होंगी। शोभायात्रा में इस बार 2000 बाइक व सैंकडों चार पहिया वाहन आकर्षण को केन्द्र होंगे। शोभायात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जायेगा।

कौन थीं अवंतीबाई

अखिल भारतीय लोधी युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री हरिओम लोधी ने बताया कि महारानी अवन्तीबाई लोधी भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली वीरांगना थीं। रेवांचल मुक्ति आन्दोलन की प्रमुख सूत्र धार थीं। 16 अगस्त 1831 को उनका जन्म लोधी कुल में हुआ था। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देश की रक्षा के लिये दी थी। डॉ. राजेन्द्र राजपूत ने बताया कि लोधी समाज का इतिहास गौरवमयी रहा है। जिसे याद करकर आज संपूर्ण लोधी समाज गौरवान्ति महसूस करता है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के माध्यम से समाज में बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का संदेश दिया जायेगा। प्रेसवार्ता में गजेन्द्र राजपूत, सतीश राजपूत, गजेन्द्र लोधी, रोशन सिंह लोधी, राकेश लोधी, विनोद प्रधान, नरेश राजपूत, जितेन्द्र राजपूत, गंगासिंह लोधी, नीरज लोधी, बबलू लोधी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Published on:
16 Aug 2019 11:46 am