आगरा

घूंघट में महिलाओं ने की तोड़फोड़, पेटियां सड़क पर फेंकीं, बोतलें तोड़ीं, पीड़िता के बगावत से मचा हड़कंप

आगरा के सैंया थाना क्षेत्र में देसी शराब के एक ठेके पर गांव की महिलाओं ने जमकर तोड़फोड़ की। महिलाओं ने बोतलों को सड़क पर फेंककर तोड़ दिया। इस दौरान कई बच्चे भी उनके साथ थे। घटना का वीडियो सामने आया है।

2 min read
Jan 10, 2026

आगरा में शुक्रवार को महिलाओं ने ठेके में जमकर तोड़फोड़ की। सभी महिलाएं घूंघट में थीं। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार करीब दोपहर 1 बजे घूंघट में पहुंची महिलाएं अचानक ठेके के अंदर घुस गईं और तोड़फोड़ शुरू कर दी। महिलाओं ने शराब की पेटियां बाहर निकालकर सड़क पर पटक दीं और बोतलों को लाठियों से तोड़ दिया। करीब आधा घंटा तक महिलाएं ठेके पर तोड़फोड करती रहीं। इससे सड़क पर कांच बिखर गया और आसपास भीड़ जमा हो गई। यह घटना ग्राम पंचायत विरहरु के बाहर स्थित देसी शराब के ठेके पर हुई।

शराब से परेशान महिलाएं बोलीं-'फब्तियां कसते हैं, घर में झगड़े होते हैं'

महिलाओं का आरोप है कि ठेके के बाहर शराब पीने वाले लोग गाली-गलौज करते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। महिलाओं ने कहा कि उनके पति भी सुबह से ठेके पर बैठ जाते हैं, शराब पीते हैं और रात में घर लौटकर झगड़ा करते हैं। महिलाओं के मुताबिक, गांव का माहौल बिगड़ने से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

डायल-112 पहुंची पर हालात नहीं संभले, डीसीपी मौके पर

तोड़फोड़ की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन महिलाएं नहीं रुकीं। इसके बाद ठेकेदार की सूचना पर आबकारी विभाग और सैंया पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और महिलाओं व ठेकेदार के बीच बातचीत कराई।

5 लाख रुपये के नुकसान का दावा

ठेका संचालक शिवा चाहर ने बताया कि इस घटना में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तोड़फोड़ के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।

पुलिस की निगरानी बढ़ी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुकान मालिक नुकसान का विवरण तैयार कर रहा है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इलाके में पुलिस सतर्क है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Published on:
10 Jan 2026 10:49 am
Also Read
View All

अगली खबर