आगरा

आगरा में बना एशिया का सबसे बड़ा जूता, अब दुनिया का सबसे बड़ा जूता बनाने की तैयारी

वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट समिट में प्रदर्शनी के दौरान प्रदर्शित किया गया एशिया का सबसे बड़ा जूता। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और सीएम योगी आदित्यनाथ ने जमकर की तारीफ।
2 min read
• •
Updated: 14 Aug 2018, 11:25 AM IST
largest shoe
largest shoe

आगरा। लखनऊ में आयोजित वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट समिट में आगरा का बना जूता राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आकर्षण का केंद्र बना। समिट में मौजूद ये जूता एशिया का सबसे बड़ा जूता था और इसे आगरा के सरवन सिंह और राहुल सिंह ने बनाया था। इस जूते को देखने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री योगी ने न सिर्फ सरवन सिंह और राहुल सिंह की जमकर तारीफ की बल्कि उन्हें आगे इससे भी बड़ा जूता बनाने के लिए प्रेरित किया। अब सरवन और राहुल दुनिया का सबसे बड़ा जूता बनाने की तैयारी कर रहे हैं जिसका आकार 40 फुट होगा।

जूता देखकर हैरत में पड़े राष्ट्रपति और सीएम योगी
आपको बता दें कि वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट समिट में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों से संबंधित प्रमुख उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। इस योजना के तहत आगरा को जूता उद्योग के लिए चुना गया है। जब मुख्यमंत्री योगी और राष्ट्रपति इस प्रदर्शनी को देखने गए तो हर स्टॉल को उन्होंने ध्यान से देखा। लेकिन जब उनकी नजर आगरा के बिग बून स्टॉल पर पड़ी तो वे हैरत में पड़ गए। इस स्टॉल पर साढ़े नौ फुट का जूता रखा हुआ था जिसे एशिया का सबसे बड़ा जूता बताया गया था। इस जूते को देखने के बाद राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री दोनों ने जूता बनाने वाले सरवन सिंह और राहुल सिंह की खूब तारीफ की और उनका हौसला बढ़ाया।

2019 में आएगा दुनिया का सबसे बड़ा जूता
इस मामले में जब बिग बून शू के निदेशक सरवन सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि एशिया का सबसे बड़ा जूता बनाकर उन्होंने आगरा की बेहतरीन जूता कारीगरी को लोगों के सामने प्रस्तुत करने की कोशिश की है। अब वे जल्द ही दुनिया का सबसे बड़ा जूता बनाएंगे जिसका आकार 40 फुट होगा। इस जूते को वर्ष 2019 में दिल्ली के प्रगति मैदान में सालाना लगने वाली प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा। सरवन चाहते हैं कि उनके जूते को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिले। वहीं इस बारे में राहुल सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति रामकोविंद और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे बात कर न सिर्फ उनका हौसला बढ़ाया बल्कि इस उद्योग में आने वाली समस्याओं को दूर करने का भी भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुटीर उद्योग के रूप में इसे रियायतें और सुविधाएं देने की बात कही है। राहुल ने बताया कि सीएम योगी को हाथ से बनाया गया कपड़े का जूता बेहद पसंद आया।

Published on:
Also Read
View All