आगरा

यूपी में बढ़ा निवेश, सपा और बसपा सरकारों ने विकास में नहीं दिखाई रुचि: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा की जनता को दिलाया विकास का भरोसा, मेयर, पार्षद, नगरपालिका, नगरपंचायत के प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट

3 min read
Nov 19, 2017
yogi in agra

आगरा। निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा में विजय संकल्प रैली में पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने मंच से पिछली सरकारों पर निशाना साधा और भारतीय जनता पार्टी का विजन जनता को बताया। योगी आदित्यनाथ ने आगरा की समस्याओं को दूर करने के लिए जनता से वादे किए। योगी ने अपना भाषण भारत माता की जय के जयकारोें से शुरू किया।

बेहतर सुविधा देने के लिए अच्छे बोर्ड की जरूरत
मंच से योगी बोले कि प्रदेश के 4.5 करोड आबादी नगरीय क्षेत्र में रहती है। उनको बेहतर सुविधा देने के लिए अच्छे बोर्ड की जरूरत है। आप लोगों ने 2014 में मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में लोकप्रिय सरकार बनाई और 2017 में आपके योगदान से यूपी में भाजपा की प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनीं। बिजली पानी सड़क शुद्व पेयजल, कूड़ा निस्तारण आदि व्यवस्थाओं के लिए यूपी सरकार पैसे की कमी नहीं आने देगी।

आगरा का अपना महत्व, तीन धरोहरें आगरा में
योगी आदित्यनाथ बोले कि आगरा का अपना महत्व है। विश्वस्तर की तीन तीन धरोहरें आगरा में हैं। यहां हजारों पर्यटक आते हैं। हम आगरा को स्मार्ट सिटी बनाना चाहते हैं। अभी कुछ दिन पूर्व आगरा के लिए 370 करोड़ की योजना शुरू की थी, आगरा में पेयजल समस्या के समाधान के लिए 350 करोड़ की लागत से रबर डैम बनाना चाहते हैं। अभी तक आगरा में मेयर भाजपा के रहे लेकिन, सपा, बसपा की सरकार होने के कारण लखनऊ से पैसा नहीं मिला। सपा और बसपा ने प्रदेश के विकास में रूचि नहीं दिखाई। अराजकता फैलाते रहे। ना बिजली दी ना पानी दिया ना जल निकासी की व्यवस्था की। नगर निकाय इकाईयों को नारकीय बना दिया। आज केन्द्र और प्रदेश में अनुकूल सरकार है। भारतीय जनता पार्टी नगर निकाय इकाईयों को पूर्ण स्वतंत्रता देगी और पैसा भी देगी। मार्च 2018 तक आगरा को गंगा जल प्रोजेक्ट से पेयजल मिलेगा। हम यमुना की निर्मलता व अविरलता बनाना चाहते हैं।

भाजपा सरकार ने दिए गरीबों को सबसे अधिक आवास
सपा सरकार में प्रदेश में गरीबों को पांच साल में 39 हजार आवास भी नहीं बना पाई, भाजपा सरकार को 8 माह हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के 11 लाख गरीबों को आवास बनवा दिए हैं। चारों ओर गंदगी रहती थी, भाजपा की सरकार बनी 24 घण्टे के अन्दर बूचड़ खाने बन्द करा दिए। जिससे स्वच्छता का वातावरण निर्मित हुआ है।
निवेश के लिए कानून का राज जरूरी है। आज कानून का राज है। निवेश बढ़ रहा है।

एयरपोर्ट के लिए 65 करोड़ दिए
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नगरीय क्षेत्र आगरा में प्रतिदिन 40 से 50 हजार पर्यटक आते हैं। प्रदेश सरकार ने एयरपोर्ट के लिए 65 करोड़ रुपये दिए है। जाम से बचने के लिए सड़कें चौड़ी हों, लेकिन पटरी रेहड़ी, खोमचा लगाने वाले लोगों के पुनर्वास की योजना होनी चाहिए। हमने आगरा में मेट्रो के लिए डीपीआर बनवाई है। होटल उद्योग को बढ़ावा देने का काम किया है। मल्टी पार्किगं व्यवस्था कराएंगे। अयोध्या से दीपावली का पर्व जुड़ा था, अयोध्या रोशनी से जगमगा उठा। प्रदेश की सभी 652 नगरीय इकाईयों को रोशनी से जगमगाना है, एलईडी लाईट लगानी हैं।

आगरा का पेठा पहुंचेगा देश दुनियां के कोने कोने तक
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1 डिस्ट्रिक 1 प्रोडक्ट की पहल के तहत आगरा का पेठा देश और दुनियां के हर कोने में पहुंचे, उसकी योजना बना रहे हैं। स्मार्ट सिटी के लिए हजारों करोड़ की योजना का क्रियांवयन करने के लिए अच्छे बोर्ड की आवश्यकता है और भारतीय जनता पार्टी ने अच्छे लोगों को प्रत्याशी बनाया है। आगरा के मेयर के साथ-साथ आगरा के 100 पार्षद प्रत्याशी और आगरा जिले की नगर पालिका और पंचायतों के प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद और मत देकर विजयी बनाएं।

ये रहे जनसभा में मौजूद
जनसभा को आगरा के सांसद रामशंकर कठेरिया, सीकरी सांसद चौधरी बाबूलाल, प्रदेश सरकार के उर्जा मंत्री श्रीकांतशर्मा, एसपीसिंह बघेल, विधायक योगेन्द्र्र उपाध्याय, जगन प्रसाद गर्ग , चौधरी उदयभान सिंह , रामप्रताप चौहान, डाॅ. जीएस धर्मेश, रानी पक्षालिका सिंह, महेश गोयल, जितेन्द्र वर्मा ने भी सम्बोधित किया। प्रदेश उपाध्यक्ष और आगरा नगर निगम चुनाव प्रभारी अश्वनी त्यागी, जिला एवं महानगर अध्यक्ष श्याम भदौरिया, विजय शिवहरे ने अध्यक्षता की बृजक्षेत्र सहमीडिया प्रभारी केके भारद्वाज, गामा दुबे ने आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें

भाजपा जुमलों की सरकार अब आईना दिखाने का समय: राजबब्बर
Published on:
19 Nov 2017 07:15 pm
Also Read
View All