आगरा

बटेश्वर में ब्रह्मलालजी से आशीर्वाद लेंगे सीएम योगी के दूत, जानिए क्या है कार्यक्रम

प्रमुख सचिव राजीव कुमार के पहुंचने की खबर से अधिकारियों में खलबली , व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे

1 minute read
Jun 02, 2018
bateshawar
bateshawar

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूत और प्रमुख सचिव शासन राजीव कुमार रविवार को तीर्थ स्थल बटेश्वर पहुंचेंगे। उनके अचानक बने कार्यक्रम को लेकर जनपद में प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मची हुई है। शनिवार सुबह से ही अधिकारियों का दल बल बटेश्वर पहुंचा। बटेश्वर की व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाने लगीं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें यहां भेजकर बटेश्वर को तीर्थस्थल का दर्जा देने की दिशा में यहां की वस्तुस्थिति जानने की कोशिश की है। प्रमुख सचिव की रिपोर्ट के बाद इस दिशा में सार्थक कदम उठाए जा सकते हैं। कारण जो भी हो फिलहाल बटेश्वर में अधिकारियों की बड़ी फौज वहां व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हुई है।

घाटों की साफ-सफाई पर रहा फोकस
टीम के साथ बटेश्वर पहुंचे एसडीएम बाह अरुण कुमार यादव ने यमुना के घाट, मंदिरों, सड़कों समेत पूरी मंदिर श्रृंखला की सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों और मंदिरों के पास दुकानदारों के किए गए अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए उन्हें तत्काल हटाने को कहा। मंदिर श्रृंखला के पास बने प्रेक्षागृह के बाहर जमीन को समतल करने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई। पूरे दिन सफाईकर्मी यमुना किनारे और मंदिरों के आसपास साफ सफाई करने में लगे रहे।

एसडीएम बोले, सरकार की योजनाओं की समीक्षा होगी
बाह के एसडीएम अरुण कुमार यादव ने बताया कि प्रमुख सचिव शासन राजीव कुमार के बटेश्वर पहुंचने का प्रमुख कारण सरकार की योजनाओं की समीक्षा करना रहेगा। प्रमुख सचिव बटेश्वर के मुख्य मंदिर ब्रह्मलाल जी में पूजा पाठ तो करेंगे ही उसके साथ ही मंदिर श्रंखला और यमुना किनारे के घाटों का जायजा भी लेंगे। मेला क्षेत्र का हाल जानेंगे और बटेश्वर क्षेत्र में अब तक कराए गए विकास कार्यों की भी जानकारी लेंगे।

Published on:
02 Jun 2018 04:54 pm