आगरा

मंदिर में छह साल की मासूम से रेप, दुराचारी को न भगवान का डर सताया, न कानून का

पार्क में खेल रही थी बच्ची, तभी उठाकर ले गया मंदिर और घटना को दिया अंजाम।

2 min read
Sep 25, 2018
girl

आगरा। जिले के सिकंदरा क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां एक युवक ने छह साल की मासूम के साथ मंदिर में रेप किया। बच्ची पार्क में खेल रही थी, तभी युवक उसे उठाकर पार्क में बने मंदिर में ले गया और इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। उसे न भगवान का डर था और न कानून का। बच्ची के खून से लथपथ हालत में अपने घर पहुंची तो परिजनों के होश उड़ गए। शोर शराबा होने पर भीड़ इकट्ठी हो गई और आरोपित को दबोच लिया गया। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची को इलाज के लिए लेडी लॉयल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी युवक पड़ोस का रहने वाला है।

बेटी ने रोते हुए बताया विष्णु अंकल मंदिर ले गए थे
बच्ची की मां के अनुसार बेटी घर के सामने बने पार्क में खेल रही थी। अचानक वो रोते हुए घर आयी। खून से लथपथ थी। बेटी का हाल देख मां के होश उड़ गए। तभी उसने रोते हुए कहा विष्णु अंकल मंदिर ले गए थे। ये सुनते ही बच्ची की मां सब समझ गई और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर भीड़ इकट्ठी हो गई। आरोपित भागने की फिराक में था, लेकिन भीड़ ने उसे दबोच लिया।

दोपहर की है घटना
एसपी सिटी प्रशांत वर्मा ने बताया कि घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। डायल 100 पर बच्ची के साथ दुराचार की सूचना मिली थी। सूचना पर वे खुद मौके पर पहुंचे। उस समय आरोपित को भीड़ ने दबोच रखा था। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम विष्णु बताया। विष्णु की उम्र 27 वर्ष है और वो अविवाहित है।

आरोपित को नहीं था खौफ
पुलसि के मुताबिक आरोपी काफी दबंग है। वहीं बच्ची गरीब परिवार से है। पुलिस का मानना है कि बच्ची को जान का भी खतरा था। ये संयोग की बात है कि उसकी जान बच गई। बच्ची उसे पहचानती थी, ऐसे में उसका नाम वो आसानी से उजागर कर सकती थी। लिहाजा आरोपित खुद के बचाव के लिए उसकी जान भी ले सकता था। फिलहाल उसे थाने भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ दुराचार, एससी—एसटी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Published on:
25 Sept 2018 11:28 am
Also Read
View All