आगरा

ट्रक ने युवक को रौंदा, दर्दनाक मौत के बाद ट्रक चालक का हुआ ये अंजाम

आगरा ग्वालियर रोड पर स्थित खारी नदी के पुल के समीप की घटना।
2 min read
• •
Updated: 21 Aug 2018, 6:11 PM IST
Road accident
Road accident

आगरा। आगरा ग्वालियर रोड पर स्थित खारी नदी के पुल के समीप ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। राहगीरों ने मौके से चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया। ट्रक चालक की जमकर धुनाई की गई। सूचना पर इरादतनगर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक चालक को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। हादसे में मृत युवक के परिजनों को 8 घंटे बाद सूचना मिल सकी।

यहां का है मामला
थाना सदर के गांव नैनाना जाट निवासी रंजीत सिंह 28 वर्ष पुत्र राजेन्द्र सिंह सोमवार रात एक बजे अपनी बुआ के घर किसी काम से थाना इरादतनगर के गांव घडी नौहवार जा रहा था। तभी रास्ते में खारी नदी के पुल पर पीछे से तेज गति में आए ट्रक ने युवक को बाइक समेत कुचल दिया। हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। उन्होंने चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक की जमकर धुनाई कर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस
उधर घटना की जानकारी मिलते ही थाना इरादतनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को लोगों के चंगुल से छुड़ाने के बाद हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं मंगलवार सुबह दस बजे रंजीत के परिजनों को उसकी मौत की खबर मिली। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई जयवीर ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

Published on: