
Ahmedabad. मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा को ताक पर रखकर निर्माण कार्य करने के चलते नारणपुरा में पारसनगर के समीप दीवार गिरने और पास की इमारतों के झुकने की खबर के बीच मनपा टीम की ओर से मेगा निरीक्षण अभियान चलाया। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर रही 11 साइटों की रजाचिट्ठी रोकते हुए काम स्थगित कर दिया है। साथ ही संबंधित डेवलपर, इंजीनियर और क्लर्क ऑफ वर्क्स को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
मनपा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से बेसमेंट स्तर पर चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान बैरिकेडिंग, स्ट्रटिंग , डी-वॉटरिंग पंपिंग सिस्टम, लेबर कॉलोनी की सुरक्षा, बेसमेंट की सुरक्षा व्यवस्था और साइट पर इंजीनियर व सुपरवाइजर की निगरानी जैसे पहलुओं का परीक्षण किया गया। 166 निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण अभियान के तहत उत्तर-पश्चिम जोन में 45, दक्षिण-पश्चिम जोन में 30, पश्चिम जोन में 27, मध्य जोन में 2, उत्तर जोन में 18, पूर्व जोन में 35 और दक्षिण जोन में 9, यानी कुल 166 निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाली 11 साइटों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें पश्चिम जोन की रत्नांजलि एलायस, संजय अपार्टमेंट, मुद्रा अपार्टमेंट, सूर्या-3 और बंसरी अपार्टमेंट, दक्षिण-पश्चिम जोन की त्रिनय अनध, द इम्प्रेस और जमनादास हाउस, उत्तर-पश्चिम जोन की श्रीधर वायन और ओवियर-2 तथा उत्तर जोन की वेद ओसिस साइट शामिल हैं।
जोनवार कार्रवाई की बात करें तो पश्चिम जोन में 5, दक्षिण-पश्चिम जोन में 3, उत्तर-पश्चिम जोन में 2 और उत्तर जोन में 1 साइट पर काम रोकने की कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि अहमदाबाद शहर के नारणपुरा क्षेत्र में पारसनगर के पास निर्माणाधीन साइट के पास की बैरिकेडिंग, सेफ्टी दीवार बारिश के बीच गुरुवार को धराशायी हो गई। इस घटना के चलते पास ही स्थित इमारत के चार ब्लॉक में रहने वाले 48 परिवार भयभीत हैं। उनके घर के पास पार्क वाहन इस इमारत के बेसमेंट में समां गए। अब लोग घरों में जाने से भी घबरा रहे हैं। कोई रिश्तेदार के यहां रहने को मजबूर है तो कोई अन्य जगह अपना बसेरा बनाए हुए है।
मनपा ने कहा कि मानसून के दौरान विशेष रूप से बेसमेंट स्तर पर चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित जांच जारी रहेगी तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे सघन निरीक्षण अभियान लगातार चलाए जाएंगे।