
ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन की पैंट्री कार का निरीक्षण करते राजकोट के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना।
राजकोट. पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना ने राजकोट रेलवे स्टेशन पर संचालित विभिन्न कैटरिंग स्टॉलों पर खानपान सेवाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉलों पर उपलब्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता, मात्रा, स्वच्छता, मूल्य सूची, खाद्य सामग्री के रख-रखाव तथा यात्रियों को प्रदान की जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कैटरिंग संचालकों को निर्देश दिए कि यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ताजा, स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद मीना ने ट्रेन नं. 15635 ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस की पैंट्रीकार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा की जांच के साथ-साथ खाद्य सामग्री के भंडारण, रसोई की स्वच्छता, भोजन तैयार करने एवं परोसने की प्रक्रिया तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही खानपान सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन, भोजन की सुरक्षित हैंडलिंग, साफ-सफाई बनाए रखने तथा यात्रियों के साथ शिष्ट, विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें यात्रियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राजकोट मंडल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाली खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मंडल स्तर पर कैटरिंग सेवाओं की नियमित निगरानी, गुणवत्ता जांच एवं आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
भावनगर. प्रभास पाटण. पश्चिम रेलवे ने भावनगर मंडल से होकर संचालित दो जोड़ी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के फेरों को बढ़ाने का निर्णय लिया है।
भावनगर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भावनगर टर्मिनस-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (नं. 09208) का संचालन 30 जुलाई से बढ़ाकर अब 27 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा। इसी प्रकार, बान्द्रा टर्मिनस-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (नं. 09207) का संचालन 31 जुलाई से बढ़ाकर अब 28 अगस्त तक किया जाएगा।
वेरावल-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (नं. 09018) का संचालन 27 जुलाई से बढ़ाकर अब 31 अगस्त तक किया जाएगा। इसी प्रकार, बान्द्रा टर्मिनस-वेरावल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (नं. 09017) का संचालन 26 जुलाई से बढ़ाकर अब 30 अगस्त तक किया जाएगा।
भावनगर के मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा ने कहा कि पश्चिम रेलवे का यह निर्णय यात्रियों की सुविधा, बढ़ती यात्रा मांग को पूरा करने तथा त्योहार एवं अवकाश अवधि के दौरान अतिरिक्त भीड़ के बेहतर प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भावनगर, वेरावल तथा मार्ग के अन्य प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को मुंबई क्षेत्र के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होती रहेगी।
भावनगर. पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल के जालिया एवं सोनगढ़ स्टेशनों पर 1 अगस्त से यात्री ट्रेनों को प्रायोगिक ठहराव प्रदान किया गया है।
भावनगर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी के अनुसार, जालिया स्टेशन पर पोरबंदर-भावनगर-पोरबंदर पैसेंजर ट्रेन (नं. 59557/59560) एवं भावनगर-वेरावल-भावनगर पैसेंजर ट्रेन (नं. 59558/59559) को प्रायोगिक ठहराव दिया है। वहीं, सोनगढ़ स्टेशन पर पोरबंदर-भावनगर-पोरबंदर पैसेंजर ट्रेन (नं. 59557/59560) को प्रायोगिक ठहराव दिया है।
भावनगर के मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा ने बताया कि इन ट्रेनों के प्रायोगिक ठहराव से जालिया एवं सोनगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा में अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होने से आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
Updated on:
25 Jul 2026 10:14 pm
Published on:
25 Jul 2026 10:14 pm
