
धोलेरा के आनंदपुर गांव एप्रोच रोड को बंद किया गया।
Ahmedabad. शहर व जिले में तीन दिन से लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए अहमदाबाद के सनाथल से बगोदरा हाईवे को एहतियातन बंद कर दिया गया है। शनिवार सुबह से जिला और पुलिस प्रशासन ने इस हाईवे को बंद कर दिया। ग्रामीण पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में धोलेरा एक्सप्रेस हाईवे (वेजलका-बगोदरा) का उपयोग करने की सलाह दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश जाट ने बताया कि जो लोग सनाथल से बगोदरा हाईवे का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी जा रही है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि भारी बारिश के चलते हाईवे पर काफी पानी है। विशेषरूप से चांगोदर से बावला के बीच हाईवे पर जल भराव की स्थिति है। हालात ऐसे हैं कि वहां पर वाहनों का निकलना सुरक्षित नहीं है। भारी वाहन भी बमुश्किल गुजर पा रहे हैं। उसमें से भी कुछ बंद हो गए हैं, जिससे ट्रैफिक की स्थिति भी है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सनाथल से बगोदरा हाईवे को बंद किया गया है।
अहमदाबाद -वीरमगाम हाईवे पर भी शुक्रवार रात को काफी बरसाती पानी आ जाने से उसे वाहनों के लिए बंद किया गया था। जल स्तर थोड़ा कम होने के चलते इसे भारी वाहनों के लिए खोला गया है। हालांकि दुपहिया वाहनों की आवाजाही अभी भी सुरक्षित नहीं है। ऐसे में दुपहिया वाहनों की आवाजाही पर अभी भी रोक बरकरार है। मध्यम वाहनों के लिए भी हाईवे को खोल दिया गया है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।
एसपी जाट ने बताया कि अहमदाबाद-राजकोट नेशनल हाईवे पर अभी भी जल भराव की स्थिति है। उसे सुधारने के लिए प्रयास जारी हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के साथ मिलकर तीन जगह चिन्हित किए हैं। वहां पर तेजी से पानी निकले उसके लिए व्यवस्था की जा रही है। उम्मीद है कि रविवार तक स्थिति ऐसी बन जाए कि यह हाईवे वाहनों के लिए खोल सकें। ज्ञात हो कि भारी भारी होने के चलते हाईवे पर जल भराव की स्थिति बन गई। इस कारण से इस हाईवे को गुरुवार मध्यरात्रि बाद से ही बंद कर दिया गया है। पुलिस जल निकाली के साथ इस हाईवे पर आने वाले ट्रैफिक को अन्य मार्गों पर डायवर्ट करने में भी जुटी हुई है।
Updated on:
25 Jul 2026 10:16 pm
Published on:
25 Jul 2026 10:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
