23 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

वलसाड में टूटे सारे रिकॉर्ड! 24 घंटे में 906 mm बारिश, वंदे भारत-शताब्दी सहित 20 से ज्यादा ट्रेनें रद्द

Valsad Flood: दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले में बुधवार को रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। उमरगाम तालुका में 24 घंटे के भीतर 906 मिमी वर्षा हुई, जबकि वलसाड-वापी क्षेत्र के एक अन्य तालुका में 413 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस वजह से मुंबई-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कम से कम 20 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।
2 min read
Google source verification
Valsad palghar Umargam flood

वलसाड में जलभराव से जनजीवन बेहाल (Photo: X/@s_r_khandelwa)

Western Railway Train Cancelled: महाराष्ट्र के पालघर और दक्षिण गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार सुबह भारी बारिश और नदियों का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने के कारण पश्चिम रेलवे के दहाणू रोड और गुजरात के वलसाड के बीच रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई अन्य ट्रेनों की आवाजाही नियंत्रित गति से कराई जा रही है।

दक्षिण गुजरात में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। आज (23 जुलाई) सुबह 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, वलसाड जिले के उमरगाम में सबसे अधिक 906 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके बाद कपराडा (वलसाड) में 731 मिमी, नाना पोंढा (वलसाड) में 643 मिमी, धारमपुर (वलसाड) में 499 मिमी, पारडी (वलसाड) में 448 मिमी, वंसदा (नवसारी) में 435 मिमी, वापी (वलसाड) में 413 मिमी और वलसाड शहर में 403 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

इन ट्रेनों को किया गया रद्द

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने आज 20901 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस, 12009 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस, 22953 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद एक्सप्रेस, 22975 बांद्रा टर्मिनस-रामनगर एक्सप्रेस, 69139 बोरीवली-वलसाड मेमू, 09055 बांद्रा टर्मिनस-उधना स्पेशल, 59045 मुंबई सेंट्रल-वापी पैसेंजर, 12921 मुंबई सेंट्रल-सूरत फ्लाइंग रानी, 12935 बांद्रा टर्मिनस-सूरत इंटरसिटी एक्सप्रेस और 59039 विरार-वलसाड पैसेंजर को रद्द कर दिया है।

रद्द की गई ट्रेनों में 12909 बांद्रा टर्मिनस-हज़रत निज़ामुद्दीन गरीब रथ एक्सप्रेस, 22927 बांद्रा टर्मिनस-अहमदाबाद लोकशक्ति एक्सप्रेस, 12953 मुंबई सेंट्रल-हज़रत निज़ामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस, 12955 मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12933 बांद्रा टर्मिनस-अहमदाबाद कर्णावती एक्सप्रेस, 12931 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद डबल डेकर एक्सप्रेस और 22961 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताज़ा स्टेटस जांचने की अपील की है।

खतरे के निशान तक पहुंचा जलस्तर, कई जगह रोकी गई ट्रेनें

औरंगा नदी उफान पर है और इसने वलसाड के आस-पास के शहरों में बाढ़ ला दी है। पश्चिम रेलवे के अनुसार, उमरगाम रोड और घोलवड़ के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या-203 पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया था। इसके चलते सुबह 4:43 बजे इस सेक्शन पर रेल यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। बाद में स्थिति की समीक्षा के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन अधिकतम 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शुरू किया गया।

इसके अलावा, संजान यार्ड के पुल संख्या-230 पर बाढ़ का पानी खतरे के स्तर से ऊपर पहुंचने के कारण सुबह 6:45 बजे से ट्रेन परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। उदवाड़ा और वापी के बीच पुल संख्या-284 पर भी सुबह करीब 7:05 बजे रेल सेवाएं बंद करनी पड़ीं।

पश्चिम रेलवे ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियरिंग टीमें लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। जलस्तर सामान्य होने और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही पूर्ण रेल सेवाएं बहाल की जाएंगी।

पालघर में रेड अलर्ट, कई इलाकों में जलभराव

लगातार बारिश के कारण पालघर जिले के कई कस्बों और गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई स्थानों पर लोग पानी में फंस गए, जिसके बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों में गुरुवार को अवकाश घोषित किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पालघर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।