अहमदाबाद

गुजरात पुलिस एलआरडी भर्ती, 2.40 लाख उम्मीदवारों ने दी परीक्षा

-राज्य के सात शहरों में ली गई परीक्षा में 91 फीसदी अभ्यर्थी रहे उपस्थित, पेपर में ईरान युद्ध, रॉ, सरदार पटेल से जुड़े सवाल पूछे

2 min read
LRD Exam
अहमदाबाद शहर के एक परीक्षा केन्द्र पर एलआरडी भर्ती परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी।

Ahmedabad. गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से लोकरक्षक दल (एलआरडी) पद के लिए रविवार को राज्य के सात जिलों में लिखित परीक्षा ली गई। रविवार को सुबह से दोपहर के दौरान ली गई इस परीक्षा में 2.40 लाख उम्मीदवार उपस्थित रहे। उम्मीदवारों ने कहा कि पेपर मध्यम स्तर का था। ईरान पर हमले, रॉ और सरदार वल्लभभाई पटेल से जुड़े सवाल पूछे गए।

गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड के तहत एलआरडी के 12733 पदों के लिए रविवार को अहमदाबहाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, गांधीनगर, भावनगर और आणंद सहित सात शहरों (जिलों) में लिखित परीक्षा ली गई। इसके लिए इन शहरों में 879 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। शिक्षा विभाग के 17 हजार और पुलिस विभाग के नौ हजार कर्मचारियों को परीक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया था।परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो इसके लिए हर जिले में एक पुलिस अधीक्षक स्तर और शहरों में आइजी स्तर के अधिकारियों ने सुपरविजन किया। 19 आइपीएस अधिकारियों की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा ली गी। पूरी परीक्षा की सीसीटीवी कैमरे के जरिए रेकॉर्डिंग की गई है। उसकी लाइव मॉनीटरिंग भी की गई। उम्मीदवारों को बायोमैट्रिक वैरिफिकेशन के बाद परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश दिया गया।परीक्षा में पंजीकृत 2 लाख 63 हजार 345 उम्मीदवारों (अभ्यर्थियों) में से दो लाख 40 हजार उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। उपस्थिति 91 फीसदी दर्ज की गई। परीक्षा के पेपर में 200 अंक के वस्तुनिष्ठ आधारित प्रश्न पूछे गए थे। जवाब ओएमआर शीट पर लिखने थे।

24 घंटे में अपलोड होगी ओएमआर शीट

गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड ने कहा कि परीक्षा संपन्न होने के 24 घंटे के भीतर परीक्षार्थियों की ओएमआर शीट को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। वे 29 जून तक उसे डाउनलोड करके देख सकते हैं।

ईरान क्रूड भंडार पर हमले से पर्यावरण पर असर का सवाल

शहर के ईसनपुर स्थित लोटस स्कूल परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा देने वाले बनासकांठा के दांतीवाड़ा निवासी दिनेश चौधरी ने बताया कि पेपर मध्यम प्रकार का था। बनासकांठा जिले से ही परीक्षा देने पहुंची पल्लवी गढ़अगरजी ने बताया कि बीती परीक्षा में वे एक अंक से चूक गई थीं। इस बार पेपर काफी अच्छा गया है। पेपर में ईरान के क्रूड भंडारों पर हमला होने के कारण पर्यावरण से जुड़ी क्या असर हुईं? उसको लेकर सवाल पूछा गया। रो के संबंध में और सरदार वल्लभभाई पटेल से जुड़े सवाल पूछे गए।

हॉल टिकट गिरी, पुलिस ने चौकी से प्रिंट निकाल कर दी

शहर में एलआरडी भर्ती परीक्षा देने को अरवल्ली जिले से आई एक महिला की हॉल टिकट कहीं गिर गई। परीक्षा का समय हो गया था। ऐसे में खोखरा पुलिस ने तत्काल पुलिस चौकी से प्रिंट निकालकर महिला को हॉल टिकट दी।

Published on:
14 Jun 2026 10:27 pm