14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad शहर में बादलों की आवाजाही के बीच उमस भरी गर्मी का प्रकोप बरकरार

आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद शहरवासियों को उमसभरी गर्मी से राहत नहीं मिली। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर की हवा में सुबह 68 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज होने से लोग पसीना-पसीना होते देखे गए। हालांकि पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में लगभग दो डिग्री तक की कमी आई है, लेकिन उमस के कारण यह गर्मी 44 डिग्री जैसी महसूस हुई।

2 min read
Google source verification
Ahmedabad news

अहमदाबाद के कांकरिया स्थित प्रगति हाईस्कूल परीक्षा केंद्र पर एलआरडी अभ्यर्थियों को मानव अधिकार ग्रुप के जॉर्ज डायस व कार्यकर्ताओं की ओर से नि:शुल्क ठंडी छाछ वितरित की गई।

Ahmedabad news: रविवार को आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद शहरवासियों को उमसभरी गर्मी से राहत नहीं मिली। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर की हवा में सुबह 68 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज होने से लोग पसीना-पसीना होते देखे गए। हालांकि पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में लगभग दो डिग्री तक की कमी आई है, लेकिन उमस के कारण यह गर्मी 44 डिग्री जैसी महसूस हुई।मौसम विभाग ने सोमवार को भी सामान्यत: बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। बारिश की संभावना नहिवत है।

राज्य में रविवार सुबह आठ बजे पूरे हुए 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा दर्ज नहीं की गई। तापमान के लिहाज से भावनगर 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके बाद अहमदाबाद 40.6 डिग्री, वल्लभ विद्यानगर 40.1 डिग्री, राजकोट 39.7 डिग्री और गांधीनगर 39 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। गौरतलब है कि पिछले लगभग एक सप्ताह से अहमदाबाद शहर में तापमान 42 से लेकर 43 डिग्री के बीच दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे अधिक था।

मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों तक पहुंची हुई है। अगले चार से पांच दिनों में इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं, लेकिन गुजरात में अभी व्यापक वर्षा के संकेत नहीं हैं। वर्तमान में पश्चिम राजस्थान से पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका (सीजनल ट्रफ) सक्रिय है। साथ ही प्रदेश के निचले स्तरों पर दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी जारी हैं। इन प्रणालियों के प्रभाव से दक्षिण गुजरात में सीमित वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं।

इन जगहों पर हल्की बारिश संभव

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से बुधवार तक सूरत, डांग, तापी, नवसारी और वलसाड जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद 18 जून से 21 जून के दौरान छोटा उदेपुर, नर्मदा तथा सौराष्ट्र के अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं।

शहर समेत कुछ भागों में मौसम शुष्क रहने के आसारशहर, गांधीनगर सहित उत्तर गुजरात, कच्छ और सौराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में अगले सात दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में बादलों की मौजूदगी के बावजूद शहर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को उमसभरी गर्मी से अभी राहत मिलने की उम्मीद कम है।