13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रेलवे ने टटोली संभावनाएं : असारवा स्टेशन पर बनेगा देश का सबसे लंबा प्लेटफॉर्म?

अहमदाबाद. शहर के समग्र विकास, रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में स्टेशन पुनर्विकास, फाटक मुक्त गुजरात तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई।

2 min read
Google source verification
Railways Explores Possibilities: Will the Country's Longest Platform Be Built at Asarva Station?

बैठक में जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी।

भारतीय रेलवे का सबसे बड़ा 100 लाइनों वाला कोचिंग डिपो वटवा में, फाटक मुक्त गुजरात तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की बैठक


अहमदाबाद. शहर के समग्र विकास, रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में स्टेशन पुनर्विकास, फाटक मुक्त गुजरात तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने बैठक के दौरान असारवा स्टेशन के चमनपुरा साइड पर द्वितीय प्रवेश द्वार की स्थापना, चामुंडा ब्रिज से बेहतर संपर्क व्यवस्था विकसित करने तथा बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाकर इसे देश के सबसे लंबे प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। डीआरएम ने बताया कि भारतीय रेलवे का सबसे बड़ा 100 लाइनों वाला कोचिंग डिपो वटवा में विकसित किया जाएगा। गोरा-घूमा रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) को शीघ्र ही आम जनता के लिए खोलने के संबंध में भी चर्चा की गई।

नया दक्षिण स्टेशन भवन अप्रेल तक

उन्होंने बताया कि अहमदाबाद स्टेशन का नया दक्षिण स्टेशन भवन आगामी वर्ष अप्रेल तक यात्रियों के लिए चालू किए जाने की संभावना है, जिससे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार होगा तथा स्टेशन तक सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।
महापौर हितेश बारोट ने आंबली रोड स्टेशन के आसपास स्थित रेलवे भूमि के समुचित विकास एवं उसके बेहतर उपयोग के संबंध में सुझाव दिए। साथ ही शहर के तीव्र विकास को देखते हुए इस क्षेत्र के लिए दीर्घकालीन योजनाएं तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। अहमदाबाद पश्चिम के सांसद दिनेश मकवाणा ने संसदीय क्षेत्र से संबंधित विभिन्न बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने एवं जनसुविधा के विषयों को प्रस्तुत किया। उन्होंने रेलवे प्रोजेक्ट के त्वरित क्रियान्वयन तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही ओम नगर फाटक पर रोड अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
अहमदाबाद मनपा की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन कमलेश पटेल ने मणिनगर स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या-308 पर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज के संबंध में स्थानीय नागरिकों की अपेक्षाओं एवं सुझावों से अवगत कराया। साथ ही रेलवे एवं मनपा के समन्वित प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया।
दरियापुर के विधायक कौशिक जैन ने अहमदाबाद स्टेशन के आसपास उपलब्ध रेलवे भूमि के ऐसे विकास का सुझाव दिया, जिससे स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक गतिविधियों को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।

पश्चिम रेलवे का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला मंडल

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनु त्यागी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अहमदाबाद मंडल पश्चिम रेलवे का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला मंडल बनकर उभरा है। मंडल द्वारा पश्चिम रेलवे के कुल माल लदान में लगभग 49 प्रतिशत तथा माल राजस्व अर्जन में 48.17 प्रतिशत का योगदान दिया गया। भारतीय रेल के सभी मंडलों में अहमदाबाद मंडल माल लदान के क्षेत्र में 8वें तथा माल राजस्व अर्जन में 7वें स्थान पर रहा। अहमदाबाद स्टेशन पुनर्विकास परियोजना, मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब तथा प्रस्तावित एलीवेटेड रोड नेटवर्क से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी साझा की।