
रक्तदान शिविर में भाग देते दाता।
अहमदाबाद : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी (गुजरात) की ओर से पूरे प्रदेश में 69 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से एक ही दिन में 9502 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान अभियान में युवाओं, सामाजिक संस्थाओं, औद्योगिक संगठनों और नियमित रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
रेड क्रॉस सोसायटी के महासचिव डॉ. प्रकाश परमार के अनुसार गुजरात रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन अजय पटेल के नेतृत्व में संस्था की स्वास्थ्य एवं जनसेवा गतिविधियों का लगातार विस्तार हुआ है। रक्तदान, थैलेसीमिया सहायता, आपदा राहत, स्वास्थ्य जांच तथा जनकल्याण सेवाओं के क्षेत्र में संस्था निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए वर्षभर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और शिविर आयोजित किए जाते हैं।
रक्तदान शिविरों में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों और नियमित रक्तदाताओं ने भाग लिया। रेड क्रॉस के ब्लड सेंटर से जुड़े 146 शतकवीर रक्तदाता नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। इनमें वरिष्ठ तथा महिला शतकवीर रक्तदाता भी शामिल हैं। इन रक्तदाताओं के समर्पण और सेवा भावना के कारण जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है।
रेड क्रॉस वर्तमान में 1250 से अधिक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को नियमित रक्त उपलब्ध कराने तथा उनके उपचार में सहयोग कर रहा है। संस्था के अनुसार समय पर रक्त मिलने से इन बच्चों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और उन्हें सामान्य जीवन जीने में मदद मिल रही है। इसके अलावा सिकल सेल एनीमिया सहित अन्य रक्त संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों को भी आवश्यक सहायता प्रदान की जाती है।
डॉ. परमार ने बताया कि अहमदाबाद रेड क्रॉस ने पिछले 63 वर्षों में 56.65 लाख यूनिट रक्त संग्रह कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। संस्था का ब्लड सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।
Updated on:
14 Jun 2026 10:27 pm
Published on:
14 Jun 2026 10:26 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
