अहमदाबाद

रफ्तार का कहर, 12 घंटे में तीन हादसों में तीन लोगों की मौत

-आंबली, निकोल, हाटकेश्वर में हुईं वाहन दुर्घटनाएं, एक मामले में आरोपी गिरफ्तार, अन्य दो में फरार, एम डिवीजन और आइ डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

2 min read
आइ डिवीजन ट्रैफिक पुलिस की गिरफ्त में आरोपी कार चालक।

Ahmedabad. शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थम नहीं रहा है।12 घंटे के अंदर हुईं तीन अलग-अलग वाहन दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटनाएं आंबली, हाटकेश्वर और निकोल क्षेत्र में हुई हैं। इनको लेकर एम डिवीजन और आइ डिवीजन ट्रैफिक थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। एक मामले में आइ डिवीजन पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो मामलों में आरोपी फरार हैं।

वकील ब्रिज पर पैदल जा रहे राजस्थानी युवक की ट्रक की टक्कर से मौत

एम डिवीजन ट्रैफिक थाने के पीआइ यू.बी.धाखडा ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि बुधवार रात 8.45 बजे आंबली वकील साहेब ब्रिज पर एक्सीडेंट हुआ। राजस्थान पासिंग के एक ट्रक के चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए ब्रिज से पैदल गुजर रहे राजस्थान के डूंगरपुर जिले के पालदेवल गांव धोगरा फला निवासी सुखदेव कोटेड (37) को टक्कर मार दी। इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी होने के चलते सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई। वह अहमदाबाद में आंबली बसेरा पार्टी प्लॉट के पास निर्माणाधीन एक कंस्ट्रक्शन साइट पर रहता और मजदूरी का काम करता था। सुखदेव के भाई दिनेश कोटेड ने इस संबंध में ट्रक चालक विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी चालक लपकामण गाम के पास एसपी रिंग रोड पर ट्रक को पार्क करके फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

हाटकेश्वर में कार की टक्कर से बाइक चालक की मौत

रफ्तार के कहर की एक और घटना हाटकेश्वर से वंडर पोइंट के बीच ज्योतनगर चाली के पास हुई। आइ डिवीजन ट्रैफिक पुलिस के तहत यह घटना बुधवार की मध्यरात्रि बाद पौने एक बजे हुई। एक कार चालक ने लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए एक बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में जख्मी बाइक चालक बाबूभाई वाघेला की मौत हो गई, जबकि जख्मी बाइक सवार लालाभाई पगी उपचाराधीन हैं। मृतक के पुत्र की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक राहुल सुमेरा (25) को गिरफ्तार कर लिया है। वह सरसपुर अनिल स्टार्च रोड का रहने वाला है। प्राथमिक जांच के तहत वाहन चलाते समय वह नशे में था। ऐसे में उसके विरुद्ध प्रोहिबिशन एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

निकोल में कार टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत

निकोल में सोपान चार रास्ते से फायरब्रिगेड चार रास्ता जाने वाले मार्ग पर देवस्य एवन्यु के सामने बुधवार शाम पौने पांच बजे कार की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। आइ डिवीजन ट्रैफिक पुलिस के तहत शिकायतकर्ता की पत्नी स्कूटर पर सास कैलाशबेन (60) को बिठाकर यहां से गुजर रही थीं। देवस्य एवन्यु के पास बाइक आगे आ जाने पर उन्होंने अचानक स्कूटर को ब्रेक मार दी, जिससे स्कूटर पर सवार कैलाशबेन नीचे गिर गईं। इस दौरान पीछे से आ रही कार के चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए नीचे गिरी कैलाशबेन के ऊपर कार चढ़ा दी। इस घटना में सिर में और शरीर में गंभीर चोट लगने से कैलाश बेन की उपचार के दौरान मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। उसके विरुद्ध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।

Published on:
07 May 2026 10:27 pm
Also Read
View All