अहमदाबाद

गोधरा तहसील में 4.62 करोड़ रुपए के गांजे के पौधे जब्त, 4 गिरफ्तार

गोधरा. राज्य सरकार के 'एनडीपीएस उन्मूलन अभियान' के तहत पंचमहाल पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:38 PM IST
Cannabis plants worth ₹4.62 crore seized in Godhra taluka; 4 arrested
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

गोधरा. राज्य सरकार के 'एनडीपीएस उन्मूलन अभियान' के तहत पंचमहाल पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
जिला पुलिस के उच्च अधिकारियों और एंटी नारकोटिक्स विंग के पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में गोधरा तहसील के कंकुथांभला गांव में छापेमारी कर 4.62 करोड़ रुपए से अधिक की कीमत के गांजे के 502 पौधे जब्त कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के पुलिस उप निरीक्षक ए.आर. तड़वी स्टाफ के साथ गोधरा तहसील क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी उन्हें कंकुथांभला गांव में गांजे की खेती होने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स विंग के पुलिस निरीक्षक आर.के. देसाई, पुलिस उप निरीक्षक ए.आर. तड़वी और दोनों शाखाओं के स्टाफ ने कंकुथांभला गांव के आंबली फलिया में छापेमारी की।
इस दौरान इलाके में रहने वाले प्रभातभाई बारिया, गुलाबसिंह बारिया, सोनाभाई बारिया और कमलाबेन बारिया के कब्जे वाली जमीन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान इन चारों आरोपियों के खेत से अवैध रूप से उगाए गए कुल 502 हरे गांजे के पौधे बरामद हुए। इनका का कुल वजन 924.010 किलोग्राम है। पुलिस ने 50 हजार रुपए प्रति किलोग्राम की दर से कुल 4.62 करोड़ रुपए का गांजा जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में गोधरा तहसील पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:38 PM IST
Published on: