अहमदाबाद

अटल ब्रिज पर तीन साल में पहुंचे 77.71 लाख सैलानी, 27 करोड़ की आय

अहमदाबाद ही नहीं देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बना आकर्षण का केंद्र

less than 1 minute read
अटल ब्रिज

Ahmedabad : शहर में साबरमती ब्रिज पर बने आइकॉनिक फुट ओवरब्रिज-अटल ब्रिज पर पिछले तीन वर्षों में 77.71 लाख से अधिक लोग घूमने पहुंचे। इस अवधि में लगभग 27 करोड़ रुपए की आय हुई। अप्रेल 2025 से अक्टूबर 2025 तक महज सात महीनों में ही 8.50 लाख से ज्यादा पर्यटकों ने अटल ब्रिज की सैर की।अटल फुट ओवर ब्रिज न सिर्फ अहमदाबाद बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दिवाली या गर्मी की छुट्टियां हों, यह ब्रिज लोगों के लिए पसंदीदा जगह बन गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 अगस्त 2022 को अटल ब्रिज को जनता के लिए खोला था। साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एसआरएफडीसीएल) के अनुसार लोकार्पण से अक्टूबर 2025 तक 7771269 लोग अटल ब्रिज का दौरा कर चुके हैं। अहमदाबाद में कई लोकप्रिय स्थल हैं। इनमें गांधी आश्रम, साबरमती रिवरफ्रंट, कांकरिया लेकफ्रंट, दुनिया का सबसे बड़ा नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद हेरिटेज वॉक शामिल हैं।

वर्ष 2024 में सबसे अधिक लोगों ने देखा

एसआरएफडीसीएल के आंकड़ों के अनुसार 31 अगस्त 2022 से मार्च 2023 तक 21.62 लाख पर्यटकों ने अटल ब्रिज का दौरा किया, जिससे 6.44 करोड़ रुपए की आय हुई। अप्रेल 2023 से मार्च 2024 तक 26.89 लाख लोगों ने इसका दौरा किया। इस दौरान 8.24 करोड़ रुपए की आय हुई। अप्रैल 2024 से मार्च 2025 तक 20.67 लाख लोगों अटल ब्रिज की मुलाकात ली, इस दौरान 8.19 करोड़ की आय अर्जित की। 74 करोड़ रुपए की लागत से यह ब्रिज तैयार हुआ था। अब तक लागत की 37 प्रतिशत से अधिक आय अर्जित कर ली गई है।

----

Published on:
04 Nov 2025 10:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर