अहमदाबाद

वडोदरा की पोर जीआइडीसी में 42 लाख का 8,136 किलो संदिग्ध घी जब्त

वडोदरा. खाद्य एवं औषध नियमन प्रशासन, वडोदरा सर्कल की टीम ने दिवाली के त्योहार से पहले शहर की पोर जीआइडीसी स्थित ‘मैसर्स चालीसा फूड्स’ नामक खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कंपनी में छापा मारकर 42 लाख रुपए का 8,136 किलो संदिग्ध घी जब्त किया। घी के नमूने जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला में भेजे गए।
less than 1 minute read
8,136 kg of Suspect Ghee Worth ₹42 Lakh Seized at Por GIDC, Vadodara
वडोदरा में घी की कंपनी में छापे के दौरान कार्रवाई करते अ​धिकारी।

वडोदरा. खाद्य एवं औषध नियमन प्रशासन, वडोदरा सर्कल की टीम ने दिवाली के त्योहार से पहले शहर की पोर जीआइडीसी स्थित ‘मैसर्स चालीसा फूड्स’ नामक खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कंपनी में छापा मारकर 42 लाख रुपए का 8,136 किलो संदिग्ध घी जब्त किया। घी के नमूने जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला में भेजे गए।
टीम ने नागरिक से मिली शिकायत और सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम के अनुसार, दिवाली के दौरान बाजार में आपूर्ति के लिए संदिग्ध घी की प्रोसेसिंग और पैकिंग की जा रही थी। अधिकारियों की सतर्कता से संदिग्ध घी की खेप बाजार में पहुंचने से पहले रोक दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि कंपनी के जिम्मेदार महेश ठेसिया की मौजूदगी में जांच की गई। इस दौरान स्टोरेज टैंक में रखा पैकिंग के लिए तैयार करीब 5,200 किलो खुला घी जब्त किया गया, इसकी अनुमानित कीमत 26 लाख रुपए है। इसके अलावा विभिन्न ब्रांडों के पैक में तैयार 2,936 किलो घी भी जब्त किया गया, इसकी कीमत करीब 16 लाख रुपए बताई गई।

चार नमूने लेकर जांच को भेजे

टीम ने संदिग्ध घी के कुल चार नमूने लेकर राज्य सरकार की मान्यता प्राप्त खाद्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तब तक पूरे 8,136 किलो घी के भंडार को सील कर दिया गया है।
अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने की चेतावनी दी है। हालांकि, संदिग्ध घी में मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।

Updated on:
19 Oct 2026 10:20 pm
Published on:
19 Oct 2026 10:20 pm