
अहमदाबाद. पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने शनिवार को रोड शो के साथ गुजरात में चुुनावी अभियान की शुरुआत की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने शहर के निकोल से बापूनगर इलाके तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो किया।
इस अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कहा कि आम आदमी पार्टी को गुजरात में एक मौका दें। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली वालों ने मौका दिया। इसके बाद पंजाब वालों ने मौका दिया। अब गुजरात भी एक मौका दे तो साढ़े छह करोड़ लोगों के साथ गुजरात को आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि वे यहां भाजपा या कांग्रेस को हराने नहीं बल्कि देश व गुजरात को जिताने आए हैं। उन्हें राजनीति करने नहीं आती बल्कि सिर्फ देश भक्ति आती है। 25 वर्षों तक आप लोगों ने इन लोगों का मौका दिया इसलिए एक मौका आम आदमी पार्टी को दिया जाना चाहिए।
25 वर्ष से भाजपा का शासन है, इसके बावजूद भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ
रोड शो के दौरान केजरीवाल ने कहा कि उन्हें भ्रष्टाचार खत्म करना है। दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म किया, वहां पैसा बिना काम होता है। पंजाब में दस दिनों में भ्रष्टाचार खत्म किया।
उन्होंने जनता से पूछा कि क्या गुजरात में पैसा मांगा जाता है? इस पर लोगों ने हां में जवाब दिया। केजरीवाल ने कहा कि यहां पर 25 वर्ष से भाजपा का शासन है, इसके बावजूद भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ।
दस वर्ष पहले नहीं जानता था कोई
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले केजरीवाल को कोई नहीं जानता था। अचानक दिल्ली में आप की सरकार बन गई और फिर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बन गई।
उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करने के बाद अब आम आदमी पार्टी की नजर इस वर्ष के अंत में गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव पर है। केजरीवाल और मान शुक्रवार रात को यहां पहुंचे और वे रविवार शाम तक अहमदाबाद में रहेंगे।