
जामनगर. शहर के सी डिवीजन पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में मध्यप्रदेश के झाबुआ से पकड़ कर जामनगर ले जाते समय आरोपी ने हिरासत से फरार होने का प्रयास किया। उसने पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। ऐसे में पुलिस उप निरीक्षक (पीएसआइ) ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
लींबडी डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक विशाल रबारी ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि जामनगर सिटी सी डिवीजन पुलिस थाने में दर्ज मामले के सिलसिले में आरोपी ठाकुरभाई डामोर को शनिवार अपराह्न करीब 3:30 बजे मध्यप्रदेश के झाबुआ से पकड़ा। उसके बाद पुलिस टीम सरकारी जीप और एक निजी वाहन में आरोपी को लेकर जामनगर आ रही थी।
रबारी ने बताया कि शनिवार मध्यरात्रि बाद करीब 1:30 बजे पुलिस का काफिला अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर लींबडी पार कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने शौच क्रिया के लिए वाहन रुकवाया। पुलिस ने एक होटल के पास दोनों वाहन रोके। शिकायतकर्ता सहायक उप निरीक्षक भरत डांगर आरोपी को शौच कराने के लिए ले गए थे। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई कर सरकारी सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और भागने की कोशिश की। रिवॉल्वर हाथ में आते ही आरोपी ने उसे लोड कर पुलिस टीम की ओर तान दिया और भागने लगा। आवाज सुन वहां पहुंचे पीएसआइ एम.एम. कुंभारवाडिया ने आरोपी को हथियार नीचे रखने की चेतावनी दी, लेकिन उसे नजरअंदाज करते हुए आरोपी ने पुलिस टीम पर एक राउंड फायर कर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक रबारी ने बताया कि सरकारी हथियार वापस लेने और आरोपी को भागने से रोकने के लिए पीएसआइ ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से पहले हवा में एक राउंड फायर किया। इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका। उसने पुलिस की ओर दूसरा राउंड भी चलाया। ऐसे में पीएसआइ कुंभारवाडिया ने जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर पर गोली चला दी। गोली पैर में टखने से ऊपर लगने के कारण आरोपी मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और उससे सरकारी रिवॉल्वर वापस ले ली। घायल आरोपी को 108 एंबुलेंस की मदद से लींबडी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सुरेंद्रनगर के सी.यू. शाह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इस संबंध में लींबडी पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि शनिवार को बनासकांठा जिले के धानेरा में भी इसी तरह की घटना सामने आई। एनडीपीएस के मामले में पकड़े गए एक आरोपी ने पुलिस की रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया और एक वाहन चालक पर भी हमला किया। हालात बिगड़ने पर धानेरा के पुलिस निरीक्षक ने आत्मरक्षा में एक राउंड फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी थी।