अहमदाबाद

Ahmedabad: आनंदनगर में युवती से दुष्कर्म, आरोपी सिक्युरिटी गार्ड गिरफ्तार

-घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज आए सामने, 10 से ज्यादा टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हेबतपुर क्षेत्र से पकड़ा
2 min read
anandnagar rape accused
आनंदनगर पुलिस की गिरफ्त में दुष्कर्म का आरोपी।

Ahmedabad. शहर के आनंदनगर थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म की यह शर्मनाक घटना क्षेत्र के एक फ्लैट की छत पर हुई। इसका आरोप फ्लैट की सुरक्षा के लिए रखे गए सिक्युरिटी गार्ड पर लगा है। यह मामला सामने आते ही हरकत में आई आनंदनगर पुलिस, जोन-7 डीसीपी की एलसीबी एवं क्राइम ब्रांच की 10 अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने आरोपी सिक्युरिटी गार्ड को रविवार को हेबतपुर से धर दबोचा है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

सेक्टर-1 के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) नीरज बड़गूजर ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि यह घटना थाना क्षेत्र के एक फ्लैट की छत पर हुई। आठ अगस्त की रात को युवती फ्लैट की छत पर टहल रही थी। इसी समय फ्लैट का सिक्युरिटी गार्ड लिफ्ट से फ्लैट की छत पर जाता है।

आरोप है कि सिक्युरिटी गार्ड ने युवती का तार से गला दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी छत का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। वह युवती का मोबाइल फोन भी ले जाता है। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीडि़ता को जरूरी चिकित्सकीय उपचार दिलाया और चिकित्सकीय जांच कराई। मौके से फरार हुए आरोपी की तलाश को 10 से ज्यादा टीमें बनाई गईं। टीमों ने घटनास्थल और आरोपी के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस हेबतपुर के पास से आरोपी सिक्युरिटी गार्ड धरमसिंह को पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल हो ऐसी कोशिश की जाएगी।

चार दिन पहले ही नौकरी पर रखा था

बड़गूजर ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी मूलरूप से उत्तरप्रदेश के हरदोई का निवासी है। पिछले करीब चार साल से शहर की अलग-अलग सिक्युरिटी एजेंसियों में काम कर रहा था। वह ए वन सिक्युरिटी एजेंसी में महज चार दिन पहले ही नौकरी पर लगा था। घटनास्थल वाले फ्लैट पर नौकरी पर रखा गया था। जेसीपी ने बताया कि एजेंसी ने उसे नौकरी देने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन एवं जरूरी ट्रेनिंग नहीं दी थी। ऐसे में सिक्युरिटी एजेंसी की लापरवाही सामने आई है। इस मामले में एजेंसी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी सिक्युरिटी एजेंसियों को कर्मचारियों की नियुक्ति से पहले पुलिस वेरिफिकेशन कराने की हिदायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर जल्द चार्जशीट पेश की जाएगी।

सिक्युरिटी गार्ड का पुलिस वेरिफिकेशन कराएं सोसाइटी

जेसीपी बड़गूजर ने शहर के सभी सोसाइटी और फ्लैट के अध्यक्ष व सचिवों से अपील की है कि वे जिस सिक्युरिटी गार्ड को उनके यहां नौकरी पर रखते हैं, उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं।

Updated on:
09 Aug 2026 10:01 pm
Published on:
09 Aug 2026 10:01 pm