9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बारिश ने लिया विराम तो शहर में बढ़ रहे वायरल बुखार के मरीज

सिविल अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार बच्चों में जून की तुलना में जुलाई महीने में वायरल संक्रमण के मामलों में करीब 47 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
2 min read
Google source verification
civil hospital ahmedabad

file photo

ahmedabad : बारिश ने इन दिनों विराम लिया है ऐसे में उमस बढ़ रही है। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। शहर में वायरल संक्रमण, बुखार, सर्दी-खांसी के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले चार दिनों में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। सबसे अधिक छोटे बच्चे और बुजुर्ग इसकी चपेट में आ रहे हैं।अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि जुलाई में 574 वयस्क वायरल संक्रमण के चलते अस्पताल पहुंचे, जबकि अगस्त के शुरुआती आठ दिनों में ही इसके 153 मरीज दर्ज हो चुके हैं। यदि यही रफ्तार बनी रही तो अगस्त में भी मरीजों की संख्या काफी अधिक रहने की संभावना है। बच्चों के आंकड़े भी संक्रमण के बढ़ते प्रभाव की पुष्टि करते हैं। जून में 79, जुलाई में 116 और अगस्त के पहले आठ दिनों में 39 बच्चों को वायरल संक्रमण के चलते अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया।

मौसमी वायरस के लिए ह्यूमिडिटी बन रही है अनुकूल

शहर के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रवीण गर्ग के अनुसार लगातार बारिश के बाद अचानक धूप निकलने से वातावरण में नमी (ह्यूमिडिटी) काफी बढ़ गई है। यही मौसम वायरस के तेजी से फैलने के लिए अनुकूल बन रहा है। मरीजों में बुखार, गले में खराश, सूखी खांसी, शरीर और मांसपेशियों में दर्द जैसे लक्षण अधिक देखे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के बाद मच्छरों की संख्या बढ़ने से डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उनके अनुसार इस तरह के मरीजों की संख्या पिछले कुछ दिनों से बढ़ी है। लगभग 20 से 30 फीसदी मरीज इसी तरह के लक्षणों के साथ अस्पताल आ रहे हैं।

पहले दिन से ही चिकित्सकों का परामर्श लेना जरूरी

विशेषज्ञों के अनुसार वायरल के लक्षण दिखने पर पहले या दूसरे दिन ही चिकित्सक से परामर्श लें। स्वयं दवा लेने से बचें, ठंडी चीजों का सेवन न करें और पर्याप्त आराम करें। संक्रमण होने पर कार्यालय, स्कूल या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए, ताकि यह संक्रमण दूसरों तक न फैले। विशेषज्ञों ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त पानी पीने तथा तेज बुखार या लगातार कमजोरी होने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की है।