
Ahmedabad. मानसून के दौरान अचानक सामने आने वाले डायवर्जन, सड़क खुदाई और जोखिम वाले स्थलों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अहमदाबाद महानगरपालिका ने नई पहल की है। इसके तहत वाहन चालकों को काफी सुविधा होगी। आगामी दिनों में महानगर के अन्य जरूरतवाले क्षेत्रों में भी यह सुविधा की जा सकेगी। खास कर बारिश के दौरान जब पानी भरता है तो उसके निपटारे के लिए डायवर्जन भी करना पड़ता है। इस स्थिति में यह पहल काफी महत्वपूर्ण साबत होगी।
अब शहर में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य वाले संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक मार्शल (यांत्रिक पुतले) तैनात किए जाएंगे, जो वाहन चालकों को पहले ही डायवर्जन और संभावित जोखिम की जानकारी देकर सुरक्षित मार्गदर्शन करेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल यातायात सुचारु रखना नहीं, बल्कि बरसात के मौसम में सड़क हादसों की आशंका को भी कम करना है।
इस पहल के तहत फिलहाल पंचवटी और पांजरापोल क्षेत्रों में चल रहे सड़क कार्यों के स्थलों पर चार ट्रैफिक मार्शलों की तैनाती की गई है। ये मार्शल वाहन चालकों को आगे डायवर्जन होने की समय रहते सूचना देंगे और ट्रैफिक के सुचारु संचालन में सहयोग करेंगे।
इससे वाहन चालकों को अचानक मार्ग बदलने की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा और जाम की समस्या भी कम होगी।यातायात की अव्यवस्था में आएगी कमीमनपा के तहत इन ट्रैफिक मार्शलों (यांत्रिक पुतलों) की व्यवस्था शुरू होने से मानसून के दिनों में यातायात से जुड़ी अव्यवस्थाओं में कमी आएगी।
अहमदाबाद महानगरपालिका के अनुसार शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसे ट्रैफिक मार्शलों की तैनाती की जाएगी। विशेष रूप से उन स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां सड़क मरम्मत या निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों के लिए जोखिम की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है। इससे वाहन चालकों को तो लाभ मिलेगा ही साथ ही हादसों में भी कमी आने की संभावना है। शहर में फिलहाल इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी दिनों में इसके आधार पर वाहन व्यवस्था लागू होगी।