Ahmedabad, Amit shah, Patidar samaj, Umiya mata sansthan unjha, Umiya mata temple, उमिया माता संस्थान ने दान से जरूरत पूरी करने की दिखाई राह, गुजरात और पाटीदार समाज के विकास का ग्राफ एक समान, सोला में मां उमियाधाम मंदिर का किया शिलान्यास
अहमदाबाद. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुजरात के विकास में पाटीदार समाज के योगदान को इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। गुजरात और पाटीदार समाज के विकास व उत्थान का इतिहास एक-दूसरे से जुड़ा है। दोनों को सामने रखें तो ग्राफ एक समान ही मिलेगा।
शाह ने यह बात शनिवार को शहर के सोला इलाके में मां उमियाधाम मंदिर शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने ने कहा कि, पाटीदार समाज के उत्कर्ष का इतिहास लिखो, तो गुजरात और देश के उत्कर्ष का इतिहास उसके साथ ही लिख जाएगा। पाटीदार समाज ने पुरुषार्थ की पराकाष्टा की है।
शाह ने कहा कि मां उमिया माता संस्थान ऊंझा से विभिन्न संस्थाओं को सीख लेने की जरूरत है। संस्थान ने दान से जरूरत पूरी करने की वैज्ञानिक और सामाजिक व्यवस्था बनाई है।
गांधीनगर से लोकसभा सांसद शाह ने कहा कि वे खुश हैं कि 1500 करोड़ रुपए के खर्च से बनने जा रहा मां उमिया माता का भव्य मंदिर उनके निर्वाचन क्षेत्र सोला में बन रहा है। उन्हें इसके लिए एक ईंट रखने का मौका मिला।
इस मौके पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मां उमिया माता संस्थान ऊंझा के अध्यक्ष मणिभाई पटेल, अन्य सभी ट्रस्टी, मंत्रिमंडल के साथी, पाटीदार समाज के वरिष्ठ लोग उपस्थित रहे।
पीएम मोदी कर रहे मंदिरों का पुनरोद्धार
शाह ने कहा कि अनेक साल से हिंदू समाज के श्रद्धा केन्द्र अपमानित थे। जीर्ण अवस्था में थे। किसी ने उनके पुनरोद्धार पर ध्यान नहीं दिया। पीएम नरेन्द्र मोदी ने मंदिरों के पुनरोद्धार का कार्य शुरू किया है। जिसके तहत केदारनाथ, काशी विश्वनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। मिर्जापुर में आक्रांताओं के भय से घर से छिपाकर रखी मां विंध्यवासिनी का भव्य मंदिर 3 हजार करोड़ के खर्च से बनाया जा रहा है। मंदिर श्रद्धा, आस्था के केन्द्र ही नहीं निराश लोगों को आशा देकर आगे बढ़ाने के, समाज सेवा के केन्द्र हैं।
शाह की अपील: वैक्सीन का दूसरा डोज जल्द लेें
केन्द्रीय मंत्री शाह ने लोगों से अपील की कि वैक्सीन जल्द लें। कोरोना का वायरस रूप बदल रहा है। उससे बचने का उपाय पूर्ण टीकाकरण है। गुजरात में पहले डोज का प्रतिशत तो 95 फीसदी के पार हो गया है। लेकिन दूसरा डोज अभी 77 फीसदी पर झोले खा रहा है। दोनों ही डोज शतप्रतिशत पूरे हो जाएं यह जरूरी है। जिससे जिनका दूसरा डोज बाकी है वे जल्द ले लें। पड़ोस में, मित्रों में, व्यापारियों में कोई बाकी हो तो उसे भी प्रेरित करें।
मंदिर के साथ होंगी ये सुविधाएं
1 रुपए में छात्राओं को रहकर सीखने की सुविधा
14 मंजिल की होगी इमारत
51 करोड़ मंत्र-मां उमिया शरणम मम लिखे
400 रूम की होस्टल बनेगी
1200 विद्यार्थी के रहने की होगी सुविधा