
Ahmedabad. पेट्रोल, डीजल के साथ सीएनजी के दाम बढ़ने के चलते ऑटो रिक्शा चालकों की ओर से की जा रही ऑटो रिक्शा किराया बढ़ाने की मांग पर सोमवार को अहम निर्णय हुआ।
गांधीनगर स्थित डॉ. जीवराज मेहता भवन पुराने सचिवालय में राज्य के परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता में हुई रेट कमेटी की बैठक में अहमदाबाद में न्यूनतम ऑटो रिक्शा किराया 20 से बढ़ाकर 25 रुपए करने का फैसला किया गया है। इसके साथ ही रनिंग किराए में उसके बाद प्रति किलोमीटर 15 की जगह 20 रुपए का किराया ऑटो चालक वसूल कर सकेंगे। इस संदर्भ में जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
बैठक के बाद ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर एसोसिएशन अहमदाबाद- गुजरात के अध्यक्ष राज शिरके, अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन के अध्यक्ष विजय मकवाणा और स्मार्ट सिटी ड्राइवर यूनियन के प्रमुख पंकज सोनी ने संवाददाताओं को इसकी जानकारी दी।
शिरके ने बताया कि बैठक में अहमदाबाद शहर में ऑटो रिक्शा किराए में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर की अध्यक्षता में सोमवार को रेट कमेटी की बैठक आयोजित हुई। जिसमें ऑटो रिक्शा चालक एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
न्यूनतम और रनिंग किराए में 5 रुपए की वृद्धिमकवाणा ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब न्यूनतम किराया, जो पहले 1.2 किलोमीटर के लिए 20 रुपए था, उसमें 5 रुपए की वृद्धि की गई है। ऐसे में अब न्यूनतम किराया 25 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा, प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर का किराया पहले 15 रुपए था, उसे बढ़ाकर 20 रुपए कर दिया गया है।
शिरके व मकवाणा ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से अहमदाबाद के दो से ढाई लाख और गुजरात के 16 से 18 लाख ऑटो रिक्शा चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। बढ़ती महंगाई और ईंधन दरों को देखते हुए किराए में वृद्धि जरूरी थी। वर्ष 2022 के करीब चार साल बाद ऑटो के किराए में वृद्धि की गई है। इस किराया वृद्धि में आम लोगों का भी ध्यान रखा है। वैसे न्यूनतम किराया 30 रुपए और रनिंग प्रति किलोमीटर किराया 20 रुपए वसूलने का निर्णय किया गया था। हालांकि न्यूनतम किराए में पांच रुपए की कमी की गई है।
वैसे सीएनजी के दाम बढ़ने के चलते जून से ऑटो रिक्शा चालक 30 रुपए न्यूनतम किराया वसूल कर रहे हैं। रनिंग प्रति किलोमीटर का किराया 20 रुपए वसूल रहे हैं। इस निर्णय से यात्रियों को राहत मिलेगी।