
एएमटीएस बस के दो नए रूटों पर बसों को झंडी दिखाकर रवाना करते मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल। साथ हैं महापौर हितेश पटेल व अन्य पदाधिकारी।
Ahmedabad. अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (औडा) क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को भी अब अहमदाबाद म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एएमटीएस) की बसों में मुफ्त में सफर का लाभ मिलेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सुझाव पर इस योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत अब औडा क्षेत्र के तहत आने वाले गांवों में 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को एएमटीएस बसों में यात्रा के लिए मुफ्त पास दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को इस सेवा की शुरूआत कराई। इसके साथ ही उन्होंने एएमटीएस बस के दो नए रूटों और एक रूट पर अतिरिक्त बस सेवा का भी लोकार्पण किया। इस नई शुरुआत से क्षेत्र के करीब 10 लाख से अधिक यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
शहर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाने के लिए लंबे समय से की जा रही स्थानीय मांग के आधार पर दो नए रूटों की शुरुआत की गई है। इसके तहत थलतेज मेट्रो स्टेशन से शेला गांव तक रूट नंबर 45/1 नंबर की एएमटीएस बस दौड़ेगी। इस रूट पर एएमटीएस की 8 बसें संचालित होंगी। इसके अलावा वाडज टर्मिनस से पलसाणा गांव तक रूट नंबर 71/2 पर एएमटीएस की बस दौड़ेगी। इस रूट पर 3 बसें चलेंगी। इसके अलावा अडालज से कलोल इंस्टीट्यूट कॉलेज तक के रूट नंबर 503 पर अतिरिक्त बस दौड़ाने की शुरुआत की गई है। ऐसे में इस रूट पर अब 3 बसें दौड़ेंगीं। इससे अहमदाबाद शहर से कलोल इंस्टीट्यूट कॉलेज में पढ़ने जाने वाले विद्यार्थियों को काफी लाभ होगा।
एएमटीएस प्रशासन का कहना है कि नए रूटों की शुरुआत होने से शहर एवं इसके आसपास के गांव के लोगों को फायदा होगा। उन्हें सार्वजनिक परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा। गांव के वरिष्ठ नागरिकों को भी मुफ्त पास योजना का लाभ मिलने से उन्हें भी राहत होगी। आगामी समय में और भी रूट पर ऐसी बसों की शुरूआत करने पर भी विचार किया जा रहा है।
Updated on:
24 Oct 2026, 9:45 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 9:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.