
Ahmedabad. आगामी 16 जुलाई को शहर में निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा से दो सप्ताह पहले ही अहमदाबाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। 18 किलोमीटर लंबे रथयात्रा मार्ग पर फुट पेट्रोलिंग, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों दरियापुर और शाहपुर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी लगातार गश्त कर रही हैं। इसे देश की दूसरी सबसे बड़ी जगन्नाथ रथयात्रा मानी जाती है।इसकी सुरक्षा के लिए शहर पुलिस और विशेषकर शहर क्राइम ब्रांच की टीम अभी से सक्रिय हो गई है। शहर पुलिस के जोन-3, जोन, 2 और जोन 4 उपायुक्त व स्थानीय थानों की टीमों ने रूट पर पैदल गश्त शुरू किया है। इतना ही नहीं, क्राइम ब्रांच की टीमें भी पूरे रथयात्रा रूट पर गश्त कर रही हैं।
पैदल गश्त और पेट्रोलिंग में शहर के सेक्टर-1 जेसीपी नीरज बड़गूजर की अगुवाई में जोन-2 उपायुक्त भरत राठौड़, जोन-3 उपायुक्त रूपल सोलंकी भी शामिल हो रही हैं। कुछ समय पहले ही इलेक्टि्रक बाइक रैली जगन्नाथ मंदिर से सरसपुर स्थित रणछो़ड़राय मंदिर तक निकाली गई जिसकी अध्यक्षता सेक्टर-1 जेसीपी नीरज बड़गूजर ने की। वहीं दूसरी ओर सेक्टर-2 के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ की अगुवाई में जोन-4 अतुल बंसल उपायुक्त और उनकी टीम भी रथयात्रा की सुरक्षा में गश्त कर रही है।
रथयात्रा का 18 किलोमीटर लंबा रूट शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरता है। उसमें प्रमुख रूप से दरियापुर और शाहपुर थाना क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे में इन दोनों ही क्षेत्रों पर गश्त और जांच व निगरानी में विशेष जोर दिया जा रहा है। रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों और निजी सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और उनकी फीड स्थानीय थानों में मिले व कंट्रोलरूम में सीधे मिले उसकी भी कोशिश की जा रही है। जिनकी लाइव फीड अभी मिल रही है, उन पर थानों से नजर रखी जा रही है।
जगन्नाथ मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में क्राइम ब्रांच की टीम की ओर से ड्रोन के जरिए भी नजर रखी जा रही है। विशेषरूप से रथयात्रा रूट पर घर की छतों और इमारतों पर नजर रखी जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम भी रथयात्रा रूट पर गश्त कर रही है। भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथों की जिम्मेदारी विशेषरूप से क्राइम ब्रांच की टीम ही संभालती है।
सेक्टर-1 के जेसीपी नीरज बड़गूजर ने बताया कि रथयात्रा की सुरक्षा के लिए रूट पर फुट पेट्रोलिंग, मूविंग गश्त शुरू कर दिया है। साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए जेसीपी, डीसीपी, एसीपी स्तर के अधिकारी की उपस्थिति में रक्तदान शिविर, नुक्कड़ नाटक, खेलकूद की गतिविधियां की जा रही हैं। शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में रोज फुटपेट्रोलिंग की जा रही है। वाहन गश्त, ईवी के साथ पेट्रोलिंग की जा रही है। मंदिर ट्रस्ट, अखाडा, ट्रक संचालकों से मीटिंग की जा रही है। होटलों की चेकिंग और सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। फायरब्रिगेड, मनपा, बिजली प्रदाता कंपनी से संकलन करके कदम उठाए जा रहे हैं।