
अहमदाबाद में संवाददाताओं को जानकारी देते क्राइम ब्रांच जेसीपी शरद सिंघल। साथ हैं सेक्टर-1 जेसीपी नीरज बड़गूजर।
अहमदाबाद. शहर के इसनपुर क्षेत्र के चंडोला तालाब के पास एक हिस्ट्रीशीटर ने गुरुवार को क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) शरद सिंघल पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उनकी बांह में चोट आई है। उधर हमले के चलते जेसीपी ने स्व बचाव में उनकी सर्विस रिवॉल्वर से हिस्ट्रीशटर के पैर में गोली मार दी, जिससे वह जख्मी हुआ है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार अवैध हथियार रखने की सूचना के आधार पर ईसनपुर थाना क्षेत्र में चंडोला तालाब के पास क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची थी। चंडोला तालाब के पास रहने वाले हिस्ट्रीशीटर मो.कलीम उर्फ कलीम भैया पठान (34) को पकड़कर कार्रवाई की गई। इस दौरान यहां संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) शरद सिंघल भी पहुंचे थे। आरोपी को उनके पास लाया गया। वे उससे पूछताछ कर रहे थे।
इसी दौरान आरोपी कलीम अचानक उग्र हो गया। उसने भागने के लिए उसके पास छिपा कर रखी रसोई में उपयोग में ली जाने वाली छुरी (चाकू) से जेसीपी पर हमला कर दिया। हमले में जेसीपी के बाएं हाथ की बांह पर चाकू लगने से चोट पहुंची है। इस घटना में चोटिल जेसीपी ने आरोपी और हमला करे उससे पहले स्व बचाव में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी। गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इस घटना में घायल जेसीपी सिंघल और आरोपी कलीम, दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया है। उनकी चिकित्सा कराई जा रही है। टीम ने आरोपी के पास से चार अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कलीम के खिलाफ 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इसे बीते वर्ष ही अगस्त महीने में दो अवैध हथियारों के साथ इसके तीन अन्य साथियों के साथ पकड़ा गया था।
जेसीपी सिंघल ने बताया कि वे सादा कपड़ों में थे। आरोपी को मालूम नहीं था कि वे जेसीपी हैं। वह नशे में था। उसने अचानक से हमला कर दिया।
जेसीपी सिंघल ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध दो मामले दर्ज किए जा रहे हैं। एक मामला चार अवैध हथियार बरामद होने के चलते आर्म्स एक्ट के तहत और दूसरा मामला चाकू से हमला करने के चलते हत्या की कोशिश की धारा में दर्ज किया जा रहा है।
Published on:
02 Jul 2026 09:39 pm
