अहमदाबाद

Ahmedabad: अंगदान महादानः ब्रेन डेड मरीज के अंगदान से तीन को मिला जीवन

गुजरात के चांपानेर-पावागढ़ निवासी 30 वर्षीय अशोक गोगवले अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके अंगों के दान ने तीन गंभीर मरीजों को नई जिंदगी दे दी। उनकी पत्नी मनीषाबेन ने दुख की इस घड़ी में मानवता का परिचय देते हुए पति के अंगदान के लिए सहमति दी, जिसके बाद एक लीवर और दो किडनी जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध हो सकीं।
2 min read
Organ Donation Ahmedabad
चिकित्सा कर्मी।

Ahmedabad: कभी-कभी एक परिवार का सबसे कठिन फैसला किसी दूसरे परिवार के लिए जिंदगी की सबसे बड़ी उम्मीद बन जाता है। गुजरात के चांपानेर-पावागढ़ निवासी 30 वर्षीय अशोक गोगवले अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके अंगों के दान ने तीन गंभीर मरीजों को नई जिंदगी दे दी। उनकी पत्नी मनीषाबेन ने दुख की इस घड़ी में मानवता का परिचय देते हुए पति के अंगदान के लिए सहमति दी, जिसके बाद एक लीवर और दो किडनी जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध हो सकीं।

चांपानेर निवासी अशोक पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो हो गए थे। उपचार के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन अंततः उन्हें ब्रेनडेड घोषित कर दिया गया। इसके बाद अस्पताल की काउंसलिंग टीम ने परिजनों से संपर्क कर अंगदान के महत्व को समझाया, जिस पर परिवार ने सहमति प्रदान की। इसके चलते ब्रेनडेड मरीज के तीन अंगों का दान किया गया गया। ये अंग जरूरतमंदों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे।

इस अंगदान के साथ अहमदाबाद सिविल अस्पताल ने अंगदान के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अस्पताल में अब तक 242 ब्रेनडेड अंगदाताओं के माध्यम से कुल 800 अंग तथा 239 ऊतक (आंख और त्वचा) दान में प्राप्त हुए हैं। इस तरह कुल 1,039 अंग और ऊतक जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद बने हैं।

अंगदान महादान

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि अंगदान मृत्यु के बाद का महादान है। एक व्यक्ति का यह निर्णय कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी एवं अस्पताल की टीम सराहनीय कार्य कर रही है। अस्पताल में अंगदान की गतिविधियां महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इस प्रक्रिया से उन लोगों को नया जीवन मिल रहा है जो दर्द भरा जीवन गुजार रहे हैं और उनके परिजन काफी परेशान हैं।

मंत्री ने कहा कि ब्रेनडेड मरीज के परिजनों का एक सकारात्मक निर्णय कई लोगों के जीवन में खुशियां लौटा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से अंगदान के प्रति जागरूक होने की अपील की। उनका कहना है कि परिजनों की सहमति से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है और अस्पताल की टीम संवेदनशील काउंसलिंग के माध्यम से इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। राज्य में अंगदान के लिए लोग आगे आ रहे हैं और जागरूकता बढ़ रही है।

अस्पताल में अब तक अंगदान

कुल अंगदाता - 242

कुल अंगदान - 800

कुल ऊतक (टिश्यू) दान - 239

किडनी - 447

लीवर - 216

हृदय - 76

फेफड़े - 34

अग्न्याशय - 19

हाथ - 6

छोटी आंत - 2

नेत्र - 194

त्वचा - 45

Updated on:
08 Jun 2026 10:51 pm
Published on:
08 Jun 2026 10:50 pm