
दाहोद जिले में दो ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग बुझाते हुए।
गोधरा. दाहोद जिले में अहमदाबाद-इंदौर नेशनल हाईवे पर लीमखेड़ा के पास पाणिया गांव के निकट भीषण हादसा हो गया। हादसे में विस्फोट के बाद आग लगने से केमिकल भरे ट्रक के चालक और क्लीनर की जिंदा जलने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गोधरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे केमिकल से भरे मिनी ट्रक ने हाईवे के किनारे खड़े प्लाईवुड से भरे एक अन्य ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक पलट गए और ज्वलनशील केमिकल के कारण कुछ ही पलों में भयानक विस्फोट के साथ दोनों वाहनों में आग लग गई।
देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए। केमिकल से भरे ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर को केबिन से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वे अंदर फंस जाने के कारण जिंदा जल गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में दूसरे ट्रक में रखा प्लाईवुड खाक हो गया।
टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और सरपंच तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही लीमखेड़ा पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक संदीप वसावा, तहसीलदार अनिल वसावा मौके पर पहुंचे।
लीमखेड़ा तथा देवगढ़ बारिया की फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों ट्रक को सीधा करवाया। केमिकल भरे ट्रक के केबिन में फंसे चालक व क्लीनर के शव को बाहर निकालकर पंचनामा किया। इसके बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटाकर यातायात को पुनः सुचारू कराया। दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान के प्रयास शुरू किए।
मोरबी. जिले में अलग-अलग जगहों पर विभिन्न हादसों में चार लोगों की मौत हो गई।
बेला गांव निवासी शंकरदास (26) की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, शनिवार को वह बेला गांव की सीमा में खोखरा हनुमान रोड स्थित वैजनाथ मेडिकल के पास काम कर रहा था। इसी दौरान बिजली का करंट लगने से उसकी मौत हुई। मोरबी तहसील ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मूल रूप से बिहार निवासी तथा वर्तमान में टिंबडी पाटिया स्थित एक कंपनी में कार्यरत अर्जुन कुमार (24) की उपचार के दौरान मौत हो गई। 19 जुलाई को दूसरी मंजिल की सीढ़ियों से पैर फिसलने के कारण गिरने से सिर में गंभीर चोट आई थी। उपचार के लिए राजकोट रेफर किया गया था। मोरबी तहसील पुलिस ने मामला दर्ज किया।
मूल रूप से नवसारी जिले के निवासी तथा वर्तमान में टंकारा तहसील के हीरापर गांव के पास स्थित एक कंपनी में रहने वाले भावेश नायका (28) की कुएं में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह वह घर से निकला था। बाद में सराया गांव बस स्टैंड के पास खेत पर पानी से भरे कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गई। टंकारा पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया।
हलवद के तीन रास्ता क्षेत्र में जोगणी माताजी मंदिर के पास ऑटो रिक्शा पलटने से 3 साल के आनंद राणेवाडिया की मौत हो गई।हलवद मार्केटिंग यार्ड के सामने रहने वाला आनंद अपने पिता के ऑटो रिक्शा में हलवद गांव जा रहा था। इसी दौरान हलवद तीन रास्ता के पास ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आनंद के सीने और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पहले उसे मोरबी और बाद में राजकोट अस्पताल ले जाया गया। हलवद पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया।
Updated on:
26 Jul 2026 10:55 pm
Published on:
26 Jul 2026 10:54 pm
