अहमदाबाद

एचआइवी पॉजिटिव 21% महिलाओं में एचपीवी संक्रमण, सामान्य से चार गुना अधिक खतरा

महिलाओं को समय रहते बीमारी का पता लगाने और उपचार की सुविधा देने के लिए जीसीआरआइ ने नियमित एचआइवी उपचार के साथ सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग को भी जोड़ दिया है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 10:21 PM IST
GCRI News
फाइल फोटो।

Ahmedabad एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का खतरा सामान्य महिलाओं की तुलना में कहीं अधिक है। शहर स्थित गुजरात कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट (जीसीआरआइ) की ओर से की गई स्क्रीनिंग में इसकी गंभीर तस्वीर सामने आई है। मार्च 2025 से अब तक 1542 एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं की ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) डीएनए जांच में 319 महिलाएं संक्रमित मिलीं। यानी 20.69 प्रतिशत महिलाओं में एचपीवी संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि गुजरात की सामान्य शहरी आबादी में यह दर 4.82 और ग्रामीण आबादी में 5.22 प्रतिशत है।इनमें से गहन जांच करने पर कई महिलाओं में कैंसर पूर्व अवस्था के बदलाव मिले, जबकि एक महिला में सर्वाइकल कैंसर शुरुआती चरण में पाया गया।

94 महिलाओं में कैंसर पूर्व अवस्था के लक्षण मिले

स्क्रीनिंग के दौरान एचपीवी पॉजिटिव मिली 319 महिलाओं में से 150 की कोल्पोस्कोपी के जरिए आगे की जांच की गई। इसमें 94 महिलाओं में सर्वाइकल इंट्राएपिथीलियल नियोप्लासिया (सीआइएन) के मामले सामने आए। इनमें सीआइएन-1 के 63, सीआइएन-2 के 30 और सीआइएन-3 का एक मामला शामिल है। सर्वाइकल कैंसर का शुरुआती चरण का एक मामला भी सामने आया। समय पर पहचान होने से संबंधित महिला को चिकित्सकीय हस्तक्षेप और उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिली।

सिविल अस्पताल के एआरटी सेंटर के माध्यम से संचालित

जीसीआरआइ की यह पहल शहर सिविल अस्पताल स्थित एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) सेंटर के माध्यम से संचालित की जा रही है। एचआइवी के साथ जीवन जी रही महिलाओं में हाई-रिस्क एचपीवी संक्रमण लंबे समय तक बने रहने की आशंका अधिक होती है। इंस्टीट्यूट इस मॉडल को गुजरात के अन्य एआरटी केंद्रों तक विस्तारित करने की दिशा में भी प्रयास करेगा। इससे एचआइवी पॉजिटिव महिलाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की पहुंच बढ़ेगी और बीमारी के निदान में होने वाली देरी कम करने में मदद मिलेगी

नियमित एचआइवी उपचार के साथ सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग को जोड़ने की इस पहल को फिक्की हेल्थकेयर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 के तहत एक्सीलेंस इन पेशेंट केयर एंड सर्विस डिलीवरी श्रेणी में सम्मानित किया गया है।

Updated on:
17 Nov 2026, 10:21 PM IST
Published on: